
फोटो – बनबसा मिलिट्री स्टेशन में अग्निवीर भर्ती परीक्षा को लेकर तैयारियों का निरीक्षण करते प्रशासनिक व सैन्य अधिकारी।
चम्पावत/बनबसा। आर्मी रिक्रूटमेंट ऑफिस पिथौरागढ़ से प्राप्त जानकारी के अनुसार कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़ एवं चम्पावत जनपद के अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर भर्ती रैली के अंतर्गत ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा 27 फरवरी से 05 मार्च 2026 तक बनबसा मिलिट्री स्टेशन में आयोजित की जाएगी। यह आयोजन मुख्यालय भर्ती क्षेत्र (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) के अधीन संपन्न होगा।
भर्ती प्रक्रिया में अग्निवीर की विभिन्न श्रेणियों—जनरल ड्यूटी, लिपिक/स्टोरकीपर टेक्नीशियन, तकनीकी एवं ट्रेड्समैन (आठवीं व दसवीं उत्तीर्ण)—के लिए 4000 से अधिक शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। 27 व 28 फरवरी को पिथौरागढ़ जनपद के लगभग 2500 अभ्यर्थी तथा 01, 02 व 03 मार्च को चम्पावत जनपद के करीब 1500 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
कार्यालय ने सभी अभ्यर्थियों को निर्देशित किया है कि वे अपने साथ हाईस्कूल व इंटरमीडिएट अंकपत्र, मूल निवास, जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), एनसीसी प्रमाण पत्र, संबंध प्रमाण पत्र, खेल प्रमाण पत्र, अविवाहित प्रमाण पत्र एवं चरित्र प्रमाण पत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेज अनिवार्य रूप से लेकर आएं। शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों को पंजीकृत मोबाइल नंबर पर दिशा-निर्देश भेजे जा चुके हैं।
पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कार्यालय द्वारा दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया एवं “क्या करें और क्या न करें” विषय पर यूट्यूब वीडियो लिंक भी जारी किया गया है। अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित दवाओं या प्रदर्शन क्षमता बढ़ाने वाले पदार्थों से दूर रहने तथा दलालों से सावधान रहने की सख्त हिदायत दी गई है। सेना ने स्पष्ट किया है कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी है।
09 फरवरी 2026 को आयोजित संयुक्त सिविल–मिलिट्री समन्वय बैठक में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी को नोडल अधिकारी नामित किया तथा उपजिलाधिकारी टनकपुर अनुराग आर्य को भर्ती स्थल का संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक प्रशासनिक सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भर्ती के सुचारू संचालन के लिए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था, पेयजल टैंकर, सफाई कर्मियों की तैनाती, एम्बुलेंस सेवा, विद्युत आपूर्ति एवं चिकित्सकीय दल की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान कर्नल राहुल मेलगे, एआरटीओ सुरेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।


