ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, हल्द्वानी में मनाई गई गांधी व शास्त्री जयंती, जग्गी बांगर में चला स्वच्छता अभियान

Spread the love

 

हल्द्वानी, 2 अक्टूबर:** ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी (GEHU), हल्द्वानी परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पूर्ण श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जहां एक ओर विश्वविद्यालय परिसर में महापुरुषों के योगदान को याद किया गया, वहीं दूसरी ओर सामाजिक सरोकारों को निभाते हुए विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने समाज में स्वच्छता का वृहद संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ परिसर निदेशक डॉ. एम. सी. लोहनी द्वारा महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि व माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं व संकाय सदस्यों को संबोधित करते हुए निदेशक डॉ. एम. सी. लोहानी ने कहा, “महात्मा गांधी जी के अहिंसा व स्वच्छता के विचार और लाल बहादुर शास्त्री जी की सादगी व ‘जय जवान, जय किसान’ का उद्घोष आज के युवाओं के लिए सबसे बड़ा मार्गदर्शन है। इन महापुरुषों को सच्ची श्रद्धांजलि केवल विचारों में नहीं, बल्कि हमारे आचरण और कर्मों में झलकनी चाहिए। एक सशक्त और स्वच्छ राष्ट्र के निर्माण के लिए हमारे युवाओं को आगे आकर समाज का नेतृत्व करना होगा।”

 

जयंती समारोह के तुरंत बाद, विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के स्वयंसेवकों और एनसीसी (NCC) कैडेट्स ने संयुक्त रूप से समीपस्थ क्षेत्र जग्गी बांगर में एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। कैडेट्स और स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान करते हुए क्षेत्र की सड़कों व सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई की, प्लास्टिक कचरा निस्तारित किया और स्थानीय निवासियों को पर्यावरण संरक्षण तथा दैनिक जीवन में स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *