चम्पावत में SARRA और 25 सूत्रीय कार्यक्रमों की समीक्षा,डीएम ने विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश, 15 जल स्रोतों की परियोजनाओं की हुई समीक्षा

Spread the love

 

 

चम्पावत, 26 सितंबर। जिला स्तरीय कार्यकारी समिति, स्प्रिंग एंड रिवर रिजुविनेशन अथॉरिटी (SARRA) एवं 25 सूत्रीय कार्यक्रम की प्रगति समीक्षा बैठक जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

 

अधिशासी अभियंता, लघु सिंचाई एवं सारा के सदस्य सचिव विमल कुमार सूंठा ने विभिन्न परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्वीकृत डीपीआर के अनुरूप सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले के 15 जल स्रोतों के उपचार के लिए डीपीआर स्वीकृत हुई है। इनमें चम्पावत विकासखंड के 10 और पाटी विकासखंड के पांच जल स्रोत शामिल हैं। इनमें से 10 परियोजनाओं का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि पाटी की चार परियोजनाएं प्रगति पर हैं और एक परियोजना को जल्द पूरा करने के लिए कार्य तेजी से चल रहा है।

 

‘एक जनपद-एक नदी’ के तहत चयनित गौड़ी नदी परियोजना की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को बजट का सदुपयोग करते हुए शीघ्र उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं कालसन मोलेश्वर परियोजना की समीक्षा के दौरान लघु सिंचाई विभाग को गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने और अवशेष धनराशि जारी करने की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया।

 

जिलाधिकारी ने पारदर्शिता और डिजिटलीकरण पर जोर देते हुए सभी निर्मित संरचनाओं का विवरण J.S.J.B.-CTR 3.0 पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए। परियोजना स्थलों पर ‘हरित चम्पावत, आदर्श चम्पावत’ नाम से पूर्ण विवरण वाले साइनेज बोर्ड लगाने को भी कहा गया।

 

कार्य की गुणवत्ता की निगरानी के लिए गठित जिला स्तरीय निगरानी समिति को समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी धिनो पुरुषोत्तम, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी दीप्तिकीर्ति तिवारी, सभी खंड विकास अधिकारी, सारा की टीम सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *