अटल जी का व्यक्तित्व था राष्ट्र की आत्मा का प्रतिबिंब,टनकपुर में अटल स्मृति दिवस पर भाजपा का आयोजन, जन्म शताब्दी वर्ष में नमन किया गया महान राष्ट्रनायक को।

Spread the love

फोटो: टनकपुर नगर पालिका सभागार में आयोजित अटल स्मृति दिवस कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ता एवं महिला कार्यकर्ता को सम्मानित करते जिलाध्यक्ष व अन्य।

टनकपुर (चंपावत)। देश के महान राष्ट्रनायक एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर अटल स्मृति दिवस के तहत टनकपुर नगर पालिका सभागार में भारतीय जनता पार्टी द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने अटल जी के व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र के प्रति उनके अमूल्य योगदान को भावपूर्ण शब्दों में स्मरण किया। वक्ताओं ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई ऐसी विलक्षण विभूति थे जिनकी वाणी में सरस्वती का सौम्य प्रवाह, विचारों में दुर्गा की शक्ति और कार्य में हनुमान जैसी दृढ़ता समाहित थी। उनका व्यवहार ऐसा था कि वे सत्ता में हों या विपक्ष में, हर परिस्थिति में अपनी अमिट छाप छोड़ते थे। वे देश के मन और आत्मसम्मान को जागृत करने वाले नेता थे, जिन्हें राष्ट्र सदैव श्रद्धा के साथ याद करता रहेगा।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे ने कहा कि अटल जी जैसा विराट व्यक्तित्व विरले ही जन्म लेता है। उन्होंने कहा कि अटल जी के सानिध्य में रहने का सौभाग्य जिन लोगों को मिला, वे वास्तव में अत्यंत भाग्यशाली रहे होंगे।

भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवराज सिंह कठायत ने अटल जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उन्हें निर्विवाद, उदार और दूरदर्शी राजनेता बताया। उन्होंने कहा कि अटल जी की वक्तृता और विचारशीलता का विरोधी भी लोहा मानता था। इस अवसर पर सुभाष बगौली ने भी अटल जी से जुड़े संस्मरण साझा किए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत ने सभी कार्यकर्ताओं का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि अटल जी के विचारों और संदेशों को जन-जन तक पहुंचाया जाए और जीवन में उतारा जाए। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अटल जी के दिखाए मार्ग पर चलते हुए उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों की पंक्ति में खड़ा करने के लिए कुशल नेतृत्व प्रदान कर रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री पूरन मेहरा ने किया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, एडवोकेट शंकर दत्त पाण्डेय, सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर वृद्ध भाजपा कार्यकर्ताओं को साल उठाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *