
फोटो – रोजगार के लिए दर-दर भटकते युवाओं की आश
चंपावत। जनपद के बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार आगामी 21 फरवरी 2026 शनिवार को टनकपुर में एक दिवसीय विशाल ‘रोजगार मेला’ आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन ‘चंपावत सरस कॉर्बेट महोत्सव 2026’ के अंतर्गत सैनिक कल्याण विश्राम गृह के निकट महोत्सव स्थल पर आयोजित होगा। मेले का उद्देश्य युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
जिला सेवायोजन अधिकारी आर.के. पंत ने बताया कि मेले में देश की प्रतिष्ठित कंपनियां भाग ले रही हैं, जिनमें टाटा मोटर्स, अशोक लेलैंड, क्वैस कॉर्प,पुखराज हेल्थकेयर और सार्थ एडेक स्किल एकेडमी सहित 15 से अधिक राष्ट्रीय स्तर की कंपनियां शामिल हैं। इन कंपनियों के मानव संसाधन प्रतिनिधि विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध 4000 से अधिक रिक्त पदों के लिए लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के माध्यम से अभ्यर्थियों का चयन करेंगे। मेले में हाईस्कूल (10वीं), इंटरमीडिएट (12वीं), औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), डिप्लोमा, स्नातक, स्नातकोत्तर और बी.टेक उत्तीर्ण अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। आयु सीमा 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता के अनुसार 12,000 रुपये से 22,000 रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। रोजगार मेले में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थी अपने सभी शैक्षिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति, जीवन-वृत्त एवं दो पासपोर्ट आकार के फोटो के साथ 21 फरवरी को प्रातः 9:00 बजे मेला स्थल पर उपस्थित हों। अभ्यर्थियों के लिए राष्ट्रीय करियर सेवा पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। क्यूआर कोड के माध्यम से भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी। जिला प्रशासन एवं सेवायोजन विभाग ने जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनपद के अधिक से अधिक युवाओं से इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी दूरभाष नंबर 05965-297303 या मोबाइल नंबर 8218715939, 7830860575 एवं 8445855555 पर संपर्क कर सकते हैं।


