
देश में एलपीजी गैस की बढ़ी कीमतों के बाद उत्तराखंड में भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा निर्देशों के बाद कुमाऊं मंडल में प्रशासन अलर्ट हो गया है। कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने मंडल के सभी जिलाधिकारियों को एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि आम लोगों को गैस सिलेंडर आसानी से उपलब्ध हो सके।
दरअसल, इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध जैसे हालात का असर वैश्विक बाजार पर पड़ रहा है, जिसका सीधा प्रभाव एलपीजी गैस की कीमतों पर भी देखने को मिल रहा है। हाल ही में एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में करीब 60 से 115 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम लोगों की चिंताएं बढ़ गई है।
बढ़ी कीमतों के बाद कई जगहों पर गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। इसे देखते हुए आयुक्त और सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने सभी जिला अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए है जिसमें गैस एजेंसियों और वितरण व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने के आदेश दिए गए हैं । यदि कहीं भी कालाबाजारी या अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
प्रशासन का कहना है कि एलपीजी की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना प्राथमिकता है, ताकि बढ़ती महंगाई के बीच आम जनता को किसी भी दिक्कतों का सामना ना करना पड़े।


