

नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने किया पार्क का लोकार्पण
हल्द्वानी । सुंदर एवं स्वच्छ हल्द्वानी के संकल्प को साकार करते हुए आज वार्ड संख्या 54, निलियम कॉलोनी में 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत ₹12.33 लाख की लागत से निर्मित पार्क का लोकार्पण महापौर नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम श्री गजराज सिंह बिष्ट द्वारा विधिवत किया गया।
इस अवसर पर नगर निगम के पार्षद श्री हरेन्द्र सिंह बिष्ट, भाई मोहित कांडपाल, श्री नवल नौटियाल (अभियंता, नगर निगम) सहित क्षेत्र के सम्मानित नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखा गया तथा उन्होंने इस नई सौगात के लिए नगर निगम का आभार व्यक्त किया।
महापौर श्री गजराज सिंह बिष्ट ने अपने संबोधन में कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ नागरिकों के स्वास्थ्य और मनोरंजन के लिए पार्कों का विकास उनकी प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा,
“हमारा उद्देश्य हल्द्वानी को एक स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करना है। यह पार्क बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सभी के लिए एक उपयोगी स्थान सिद्ध होगा। आने वाले समय में भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।”
महापौर ने आगे अधिकारियों को निर्देशित किया कि पार्क की नियमित साफ-सफाई, रखरखाव एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को निरंतर बेहतर सुविधाएं प्राप्त हो सकें।
कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रवासियों ने महापौर का आभार व्यक्त करते हुए नगर निगम के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की।


