4 जुलाई से शुरू होगा ‘सरकार जनता के द्वार’ अभियान, डीएम मनीष कुमार बोले—हर फरियादी की उम्मीद पर खरा उतरना हमारी जिम्मेदारी

Spread the love

 

15 दिनों तक गांव-गांव पहुंचेंगी सरकारी सेवाएं, अधिकारियों को संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश।

 

चंपावत। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से 4 जुलाई से ‘सरकार जनता के द्वार’ अभियान का आयोजन किया जाएगा। पखवाड़े भर चलने वाले इस विशेष अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सभी विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य आम लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाते हुए उनके गांव और क्षेत्र में ही विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत और आवेदन का समयबद्ध एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जिले में जिलाधिकारी मनीष कुमार की त्वरित कार्यशैली और जनसरोकारों के प्रति संवेदनशील रवैये के कारण प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ है। लोगों को अनावश्यक रूप से जिला मुख्यालय न आना पड़े, इसके लिए उन्होंने नागरिकों से अपनी समस्याएं सीधे व्हाट्सएप के माध्यम से भेजने की अपील की है। उनका कहना है कि “समस्या आपके पास रहेगी, लेकिन उसके समाधान की जिम्मेदारी हमारी होगी।” गौरतलब है कि पिछले वर्ष दिसंबर में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के दौरान जिले में 21,208 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिला था तथा अनेक प्रमाण-पत्र भी मौके पर ही जारी किए गए थे। यह उपलब्धि प्रदेश के पर्वतीय जिलों में सर्वाधिक मानी गई थी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक फरियादी सम्मान और विश्वास के साथ प्रशासन के पास आता है। ऐसे में उसकी भावनाओं का सम्मान करते हुए उसकी समस्या का प्रभावी समाधान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *