

फोटो_ एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट।
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मॉडल जिले चंपावत में एक ऐसे पुलिस अधिकारी हैं, जिनका पद भले ही बड़ा न हो, लेकिन अपराधियों के बीच उनकी पहचान किसी ‘सिंघम’ से कम नहीं है। एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट अपनी प्रभावी कार्यशैली, मजबूत सूचना तंत्र और सटीक कार्रवाई के लिए जिलेभर में चर्चित हैं।
कमलेश भट्ट ने अपने अब तक के कार्यकाल में चरस, स्मैक और अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार प्रभावी अभियान चलाकर करोड़ों रुपये मूल्य के नशे की खेप बरामद करते आ रहे है। लधियाघाटी क्षेत्र में तैनाती के दौरान उन्होंने नशा तस्करों के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के कब्जे से 11 किलोग्राम चरस बरामद की। वहीं पहली बार दो आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई कर क्षेत्र में अपराधियों की कमर तोड़ दी।
इन्होंने कई अन्य लोगों से भी काफी मात्रा में चरस व स्मैक बरामद की है।एसओजी प्रभारी के रूप में उन्होंने कई चर्चित मामलों का सफल खुलासा किया। बहुचर्चित कथित गैंगरेप मामले की विवेचना का नेतृत्व करते हुए उन्होंने कुछ ही घंटों में पूरे मामले का खुलासा कर इसे फर्जी साबित किया, जिससे पुलिस प्रशासन और आम जनता को बड़ी राहत मिली।
इसके अलावा 5 किलोग्राम एमडी ड्रग्स बरामदगी मामले में सात आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लगभग 30 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कराई। नशा तस्करों के विरुद्ध पहली बार पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई सुनिश्चित कर उन्हें लंबे समय तक जेल भेजने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। साइबर अपराध के एक मामले में उन्होंने एक साइबर ठगी गिरोह का भी पर्दाफाश किया।
कमलेश भट्ट की विशेषता यह मानी जाती है कि उनके मजबूत सूचना तंत्र, गहन जांच और कानूनी तैयारी के चलते अपराधियों के लिए बच निकलना बेहद कठिन हो जाता है। कम्युनिटी पुलिसिंग का माध्यम इनकी सफलता का राज रहा है, तथा कोई भी अपराधी इनसे इतना खौफ खाते है कि उनका इन से पाला पड़ने पर उनका कानूनी शिकंजे से बचना आसान नहीं होता है। कम्युनिटी पुलिसिंग के माध्यम से भी उन्होंने आम जनता का विश्वास जीतते हुए पुलिस और समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया है।
बॉक्स_
चंपावत। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव का कहना है कि उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट की सूझबूझ, मजबूत सूचना तंत्र और प्रभावी नेटवर्क के कारण जिले में चरस और स्मैक की बरामदगी में उल्लेखनीय सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि कमलेश भट्ट अपराधियों के विरुद्ध मजबूत विवेचना और प्रभावी पैरवी कर उन्हें कानून के दायरे में लाने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं।


