खेल छात्रावासों में प्रवेश का मौका, 9-10 सितंबर को टनकपुर में होंगे चयन ट्रायल, फुटबॉल से लेकर क्रिकेट तक सात खेलों में होगा हुनर का परीक्षण, चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय ट्रायल में लेंगे हिस्सा

Spread the love

 

फोटो जिला क्रीडा अधिकारी, चंदन सिंह बिष्ट।

चम्पावत। खेल विभाग के अंतर्गत संचालित आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में प्रवेश के लिए जिले के उदीयमान खिलाड़ियों को प्रतिभा दिखाने का मौका मिलने जा रहा है। वर्ष 2026-27 के लिए जिला स्तरीय चयन ट्रायल 9 और 10 सितंबर को स्व. कैलाश गहतोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम, टनकपुर में आयोजित किए जाएंगे। ट्रायल सुबह नौ बजे से शुरू होंगे।

खेल निदेशालय उत्तराखंड, देहरादून के निर्देश पर आयोजित होने वाले इन ट्रायल में फुटबॉल, बॉक्सिंग और एथलेटिक्स में बालक-बालिका, जबकि बैडमिंटन, वॉलीबॉल और क्रिकेट में बालक तथा हॉकी में बालिकाएं प्रतिभाग कर सकेंगी।

जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि जिला स्तर पर चयनित प्रतिभावान खिलाड़ियों को 15 और 16 सितंबर को होने वाले राज्य स्तरीय चयन ट्रायल में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। प्रत्येक खेल में जिला क्रीड़ाधिकारी चंदन सिंह बिष्ट की संस्तुति के आधार पर 5 से 10 होनहार खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय ट्रायल के लिए किया जाएगा। ट्रायल में प्रतिभाग करने के लिए खिलाड़ी की आयु 1 जुलाई 2026 को 16 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही प्रतिभागी का उत्तराखंड का मूल निवासी होना अनिवार्य है। चयन ट्रायल के समय सक्षम अधिकारी द्वारा जारी मूल निवास प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।

इच्छुक खिलाड़ी जिला खेल कार्यालय चम्पावत से निर्धारित आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन पत्र के साथ पासपोर्ट साइज फोटो, आयु एवं कक्षा प्रमाण पत्र तथा मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा।

जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री बिष्ट ने स्पष्ट किया है कि सभी प्रतिभागियों को अपने संबंधित खेल की निर्धारित किट में ही ट्रायल में शामिल होना होगा। संख्या में ट्रायल में प्रतिभाग करने की अपील की है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *