चम्पावत में एसआईआर अभियान ने पकड़ी रफ्तार, 95.10% नोटिस वितरण पूरा; डीएम मनीष कुमार बोले- कोई भी पात्र मतदाता सूची से न छूटे

Spread the love

 

फोटो विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार।

 

 

चम्पावत। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार ने रविवार को समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए तथा मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाया जाए।

जिलाधिकारी ने बूथ स्तर पर नोटिस वितरण, सुनवाई की प्रगति तथा आ रही व्यावहारिक समस्याओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सुनवाई से एक दिन पहले सभी आवश्यक अभिलेखों एवं दस्तावेजों का परीक्षण कर लिया जाए, ताकि पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण कार्य है, इसलिए प्रत्येक स्तर पर पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए।

डीएम मनीष कुमार ने अधिकारियों से कहा कि यदि किसी मतदाता तक पहली बार नोटिस नहीं पहुंचता है तो दोबारा नोटिस जारी किया जाए। आवश्यक होने पर नोटिस चस्पा किए जाएं तथा परिवारजनों और पड़ोसियों के माध्यम से सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही ढंग से दर्ज होना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का आधार है।

बैठक में सभी ईआरओ को जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने, मतदाता सूची को अधिक शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने तथा दावे एवं आपत्तियों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा शुरू की गई “Book-a-Call with BLO” सुविधा की जानकारी देते हुए बताया कि अब मतदाता अपने बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से सीधे संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं का सरल एवं पारदर्शी समाधान पा सकते हैं।

बैठक के दौरान प्रारूप प्रकाशन के बाद विभिन्न श्रेणियों के मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले आवश्यक अभिलेखों, बूथवार सत्यापन, दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण तथा निर्वाचन आयोग की निर्धारित कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी कार्य आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तय समयसीमा में पूर्ण किए जाएं।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी ने बताया कि जनपद की 54-लोहाघाट और 55-चम्पावत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 57,261 नोटिसों में से 54,455 का वितरण पूरा हो चुका है, जो 95.10 प्रतिशत है। शेष मामलों में बूथ स्तर पर सुनवाई एवं सत्यापन की कार्रवाई लगातार जारी है। बैठक में अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी, एसडीएम बी.सी. पंत, एसडीएम नीतू डागर, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र अधिकारी सहित सभी ईआरओ एवं एईआरओ वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *