राष्ट्रीय लोक अदालत में बड़ा निस्तारण, 74 मामलों में ₹2.43 करोड़ से अधिक का सेटलमेंट

Spread the love

 

फोटो – चम्पावत जिला न्यायालय परिसर में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में मामलों के निस्तारण के दौरान मौजूद न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता एवं पक्षकार।

 

 

 

चम्पावत। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्पावत की ओर से शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में जनपदभर के मामलों का त्वरित निस्तारण करते हुए रिकॉर्ड ₹2.43 करोड़ से अधिक राशि का सेटलमेंट कराया गया। जिला न्यायालय परिसर चम्पावत और बाह्य न्यायालय टनकपुर में आयोजित इस लोक अदालत में कुल 74 वादों का सफल निस्तारण हुआ।

राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन माननीय अध्यक्ष/जिला जज अनुज कुमार संगल की अध्यक्षता तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भवदीप रावते के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुआ।

लोक अदालत में जिला बार संघ चम्पावत, तहसील बार संघ टनकपुर, पैनल अधिवक्ता, विभिन्न बैंकों के अधिकारी और बड़ी संख्या में वादकारियों ने प्रतिभाग किया। आपसी सहमति और सुलह-समझौते के आधार पर मामलों का त्वरित निस्तारण किया गया।

जिला न्यायालय चम्पावत में गठित प्रथम पीठ में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा 25 लंबित मामलों का निस्तारण करते हुए ₹2,12,66,242 की धनराशि का सेटलमेंट कराया गया। वहीं टनकपुर स्थित द्वितीय पीठ में सिविल जज जूनियर डिवीजन न्यायालय द्वारा 24 मामलों का निस्तारण कर ₹5,04,400 का सेटलमेंट कराया गया।

इसके अलावा प्री-लिटिगेशन स्तर पर भी मनी रिकवरी से जुड़े 25 मामलों का समाधान किया गया, जिनमें ₹25,47,470 की धनराशि का सेटलमेंट हुआ। इस प्रकार राष्ट्रीय लोक अदालत और प्री-लिटिगेशन मामलों को मिलाकर कुल 74 वादों का निस्तारण करते हुए ₹2,43,18,112 की बड़ी राशि का सेटलमेंट संपन्न कराया गया।

न्यायिक अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत न्याय व्यवस्था को सरल, त्वरित और कम खर्चीला बनाने की दिशा में प्रभावी मंच साबित हो रही है। इससे जहां लोगों को शीघ्र न्याय मिल रहा है, वहीं न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ भी कम हो रहा है।

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *