

फोटो ‘VB-G RAM G’ योजना के तहत महिला काश्तकार की गौशाला का शिलान्यास करतीं क्षेत्र पंचायत प्रमुख अंचला बोहरा।
चम्पावत। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और महिला काश्तकारों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में गुरुवार को चम्पावत विकास भवन में भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘VB-G RAM G’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्र पंचायत प्रमुख अंचला बोहरा ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अंचला बोहरा ने कहा कि यह योजना ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए सभी जनप्रतिनिधि और अधिकारी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।
कार्यक्रम के बाद योजना को धरातल पर उतारते हुए क्षेत्र पंचायत प्रमुख ने ग्राम पंचायत डंडा बिष्ट का दौरा किया, जहां महिला काश्तकार कमला देवी की गौशाला निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस मौके पर ग्रामीणों ने योजना शुरू होने पर केंद्र एवं राज्य सरकार के साथ जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी, खंड विकास अधिकारी अशोक अधिकारी, उप कार्यक्रम अधिकारी सहित विकास खंड के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


