

फोटो : भिंगराड़ा बाजार में लंबे समय से खराब पड़ा हैंडपंप।
चम्पावत। सीमांत क्षेत्र के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र भिंगराड़ा बाजार में मूलभूत सुविधाओं की कमी अब लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। बाजार में लगे हैंडपंप लंबे समय से खराब पड़े हैं, जिससे स्थानीय व्यापारियों, ग्रामीणों और बाहरी लोगों को पेयजल के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों ने प्रशासन से जल्द हैंडपंपों की मरम्मत कराने की मांग उठाई है।
व्यापारियों का कहना है कि भिंगराड़ा बाजार में हर वर्ष आयोजित होने वाले तीन दिवसीय श्री ऐड़ी बालकृष्ण मेले में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में व्यापारी और श्रद्धालु पहुंचते हैं। लेकिन बाजार में सार्वजनिक पेयजल कनेक्शन नहीं होने के कारण सभी लोग हैंडपंपों पर निर्भर रहते हैं। अब हैंडपंप खराब होने से मेले के दौरान पेयजल संकट और भी गंभीर होने की आशंका है।
व्यापार मंडल से जुड़े लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि बाजार में आज तक स्थायी सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था नहीं हो सकी है। इससे महिलाओं, बुजुर्गों, व्यापारियों और बाहरी आगंतुकों को भारी असुविधा झेलनी पड़ती है। उनका कहना है कि इस संबंध में कई बार जिला पंचायत चम्पावत को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
व्यापारियों ने सवाल उठाया कि जिला पंचायत हर वर्ष बाजार से टैक्स वसूलती है, लेकिन बदले में मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही खराब हैंडपंपों की मरम्मत और स्थायी शौचालय का निर्माण नहीं कराया गया, तो क्षेत्रीय व्यापारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
इस मांग का समर्थन व्यापारियों प्रकाश शर्मा, हरीश शर्मा, दीपक भट्ट, गणेश जोशी, धर्मानंद भट्ट, विपिन भट्ट, सुभाष महराना, संजय शर्मा, दिनेश भट्ट, गणेश गिरी, हरीश चंद्र, किशोर चंद्र, गिरीश भट्ट, रमेश मथेला, जगदीश सिंह और चंद्रशेखर जोशी सहित अनेक स्थानीय लोगों ने किया।


