डेढ़ किलो चरस के साथ दो तस्कर दबोचे, एसपी रेखा यादव का ऐलान—नशे के पूरे नेटवर्क पर होगा बड़ा प्रहार, एसओजी और लोहाघाट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 1.490 किलो चरस बरामद; सात माह में 2.91 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थ जब्त, जनता से मांगा गोपनीय सहयोग

Spread the love

 

फोटो पंचेश्वर रोड से बरामद करीब डेढ़ किलो चरस के साथ गिरफ्तार दोनों आरोपी तथा पत्रकार वार्ता को संबोधित करतीं पुलिस अधीक्षक रेखा यादव

 

चम्पावत। जिले को नशामुक्त बनाने की मुहिम के तहत एसओजी और लोहाघाट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंचेश्वर रोड पर देवीधार के पास चेकिंग के दौरान पल्सर बाइक सवार दो तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 1.490 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने बताया कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 31 जुलाई 2026 तक पुलिस ने 2 करोड़ 91 लाख 18 हजार 600 रुपये मूल्य की चरस, गांजा, स्मैक, नशीले इंजेक्शन और कैप्सूल बरामद किए हैं। वहीं वर्ष 2025 में पूरे साल के दौरान करीब 17 करोड़ 75 लाख रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ जब्त किए गए थे, जो जिले की बड़ी उपलब्धियों में शामिल है। एसपी ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है। भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और यदि युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में आती रही तो इसका सीधा असर देश के भविष्य पर पड़ेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशा तस्करों को समाज का दुश्मन समझते हुए पुलिस को गोपनीय सूचनाएं दें, ताकि इस अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस अब नशा कारोबार के फॉरवर्ड और बैकवर्ड नेटवर्क तक पहुंचकर पूरे सिंडिकेट पर कार्रवाई की रणनीति पर काम कर रही है।

 

बॉक्स:

 

मुंबई तक पहुंचती है चम्पावत की चरस।

 

एसओजी प्रभारी ने बताया कि जिले के एक गांव में तैयार होने वाली चरस की विशेष गुणवत्ता के कारण उसकी मांग मुंबई सहित देश के कई बड़े शहरों तक रहती है। इसी वजह से पुलिस अब केवल तस्करों ही नहीं, बल्कि पूरे सप्लाई नेटवर्क और स्रोत तक पहुंचने के लिए अभियान को और तेज कर रही है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *