
फोटो – भावना ओली
लोहाघाट। स्वामी विवेकानंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय लोहाघाट की होनहार छात्रा भावना ओली ने दूसरी बार भूगोल विषय से यूजीसी नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर महाविद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। भावना ग्राम गौशनी खेतीखान की मूल निवासी हैं।
भावना ने कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल से वर्ष 2022 में स्नातक स्तर पर सर्वोच्च अंक प्राप्त कर गौरा देवी मेडल एवं वाइस चांसलर मेडल हासिल किया था। वहीं वर्ष 2024 में उन्होंने भूगोल विषय में स्नातकोत्तर परीक्षा 85.56 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की। पिछले वर्ष उन्होंने यूजीसी नेट 97.867 परसेंटाइल के साथ पास किया था, जबकि इस वर्ष उनकी परसेंटाइल 97.340 रही। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संगीता गुप्ता सहित भूगोल विभाग की विभाग प्रभारी डॉ. लता कैड़ा, डॉ. सुमन पांडेय व डॉ. उपेंद्र सिंह चौहान तथा समस्त विभाग व शोधार्थियों ने भावना को शुभकामनाएं दी हैं। भावना ने अपनी इस सफलता का श्रेय परिवार, प्राध्यापकों के मार्गदर्शन एवं निरंतर परिश्रम को दिया है।


