सीमांत गांवों में बगवाल महोत्सव शुरू, प्रवासी भी लौटे घर भैया दूज पर निकलेगी मां भगवती की शोभायात्रा

 

लोहाघाट। नेपाल सीमा से लगे एक दर्जन से अधिक गांवों में बगवाल महोत्सव शुरू हो गया है। महोत्सव में भाग लेने के लिए प्रवासी भी गांव पहुंच रहे हैं। महालक्ष्मी पूजन की रात गिरगढ़ में पारंपरिक खेल खेला गया, जिसकी रस्में अब बलि की जगह श्रीफल से निभाई जाती हैं।

 

गांवों से जत्थों में पहुंचे लोगों ने मंदिर की परिक्रमा की। पुरुषों ने ढुस्के और महिलाओं ने झोड़े गाए। मां भगवती, कैलपाल, छलेवाड़ी और रौल देवता के डांगरों ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। ग्राम प्रधान महेश जोशी, आयोजन समिति अध्यक्ष आनंद जोशी सहित ग्रामीण आयोजन में जुटे हैं। भैया दूज पर मझपीपल और बूंगा के भगवती मंदिरों से शोभायात्रा निकाली जाएगी।