फोटो। पुलिस व्यवस्था का जायजा लेने के लिए टीम के साथ मैदान में उतरीं पुलिस अधीक्षक रेखा यादव।
चम्पावत। दीपावली को शांतिपूर्ण बनाने के लिए जिला पुलिस की तैयारी इस बार रंग लाई। जिलेभर में त्योहार परंपरागत उल्लास के साथ मनाया गया और कहीं से भी किसी घटना-दुर्घटना की सूचना नहीं मिली। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने स्वयं मैदान में उतरकर व्यवस्थाओं की निगरानी की और विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर पुलिसकर्मियों व आमजन का मनोबल बढ़ाया।
एसपी ने त्योहार से पहले ही पुलिसकर्मियों के साथ अलग-अलग बैठकें कर स्पष्ट निर्देश दिए थे कि दीपावली ऐसे माहौल में मनाई जाए, जिसमें आम नागरिक बिना किसी डर के अपनी खुशियां व्यक्त कर सकें। इसके लिए हर संवेदनशील स्थान पर पुलिस बल तैनात किया गया और सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों को भीड़ पर नजर रखने की जिम्मेदारी दी गई।
भारत-नेपाल सीमा पर महाकाली नदी की सुरक्षा में तैनात सशस्त्र सीमा बल, नेपाल पुलिस और जिला पुलिस के जवानों ने एसपी के निर्देश पर मिलकर दीपावली मनाई। इस मौके पर दोनों देशों के सुरक्षाकर्मियों ने सीमा पर सुरक्षा प्रबंधन को और मजबूत बनाने पर भी विचार-विमर्श किया।
पर्व सकुशल संपन्न होने पर पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों को बधाई देते हुए उनके सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि जिले की पुलिस जनता की हर कसौटी पर खरी उतर रही है और यह गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बेहतर सहयोग व समन्वय से चम्पावत को प्रदेश में बेहतर पुलिसिंग का उदाहरण बनाया जाएगा।
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर एसपी ने राज्य निर्माण के लिए त्याग और बलिदान देने वालों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को समृद्ध, वैभवशाली और अपराधमुक्त राज्य बनाना हम सबका कर्तव्य है। एसपी ने कहा कि पुलिस और आम जनता एक-दूसरे के पूरक हैं, इसलिए दोनों के बीच भरोसे का रिश्ता और मजबूत होना चाहिए, ताकि जिले में शांति बनी रहे और हर व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।


