धारी ब्लॉक में आयोजित सम्मान समारोह में राज्य निर्माण के संघर्ष को किया गया याद, शहीद आंदोलनकारियों को मंत्री कैड़ा ने दी श्रद्धांजलि
उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर धारी में सम्मान समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन के दौरान सड़क से लेकर संसद तक राज्य की मांग को लेकर संघर्ष करने वाले प्रमुख राज्य आंदोलनकारी एवं कैबिनेट मंत्री श्री राम सिंह कैड़ा सहित अन्य राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन में अपना अमूल्य योगदान देने वाले सभी आंदोलनकारियों को नमन किया। उन्होंने राज्य निर्माण के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण वर्षों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी ने उत्तराखंड राज्य का निर्माण किया और आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, पर्यटन एवं ग्रामीण विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखंड बनाने के लिए सरकार संकल्पबद्ध है और प्रदेश के विकास को और अधिक आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग एवं बलिदान को याद करते हुए उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।


