चम्पावत में गैस वितरण व्यवस्था में बड़ा बदलाव, अब घर तक पहुंचेगा सिलेंडर। एजेंसियों में भीड़ रोकने के लिए प्रशासन का फैसला, डिलीवरी प्वाइंट और डोर-टू-डोर व्यवस्था से मिलेगी सुविधा

Spread the love

फोटो – जिलाधिकारी मनीष कुमार

चम्पावत। जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को व्यवस्थित और सुचारु बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अहम निर्णय लिया है। अब उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि डिलीवरी प्वाइंट और डोर-टू-डोर व्यवस्था के माध्यम से सिलेंडर सीधे घर तक पहुंचाए जाएंगे। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि वर्तमान में गैस बुकिंग से जुड़ी ऑनलाइन प्रक्रिया, डीएसपी और ओटीपी सत्यापन के दौरान बड़ी संख्या में फोन कॉल आने से कई उपभोक्ताओं को एजेंसियों तक जाना पड़ रहा है। इससे एजेंसी परिसरों में भीड़ बढ़ने के साथ कानून-व्यवस्था और समय पर आपूर्ति प्रभावित होने की स्थिति बन जाती है।

इसी को देखते हुए प्रशासन ने जनपद की सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि घरेलू गैस सिलेंडरों का वितरण केवल निर्धारित डिलीवरी प्वाइंट्स और डोर-टू-डोर प्रणाली के माध्यम से ही किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को घर पर ही सुरक्षित और आसानी से गैस उपलब्ध हो सके। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग फोन, एसएमएस या मोबाइल ऐप से नहीं हो पा रही है, वे केवल बुकिंग कराने के लिए एजेंसी जा सकते हैं। बुकिंग के बाद गैस एजेंसियां नियमानुसार उपभोक्ताओं के घर तक सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित करेंगी।

साथ ही उपभोक्ताओं को अपना खाली सिलेंडर लेकर एजेंसी या गोदाम जाने की आवश्यकता नहीं होगी। गैस वितरण पूरी तरह डिलीवरी प्वाइंट और घर-घर आपूर्ति व्यवस्था से किया जाएगा।

इस संबंध में सभी उपजिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को गैस एजेंसियों व गोदामों का नियमित निरीक्षण करने और आमजन को नई व्यवस्था के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे गैस एजेंसियों में अनावश्यक भीड़ न लगाएं और नई डिलीवरी व्यवस्था का लाभ उठाकर गैस आपूर्ति प्रणाली को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *