
किमतोली–रौसाल मोटर मार्ग के लिए ₹12.18 करोड़ की स्वीकृति; महोत्सव में किया गया वादा हुआ पूरा, सीमांत क्षेत्र में खुशी की लहर।

लोहाघाट। विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत किमतोली–रौसाल मोटर मार्ग के दिन अब बदलने जा रहे हैं। लंबे समय से जर्जर स्थिति में पड़ी इस महत्वपूर्ण सड़क के हॉटमिक्स कार्य के लिए ₹1218.90 लाख (लगभग ₹12.18 करोड़) की वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। इस स्वीकृति के साथ ही क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की राह पर आगे बढ़ गई है, जिससे पूरे इलाके में खुशी और उत्साह का माहौल है। यह मोटर मार्ग न केवल किमतोली और रौसाल क्षेत्र को जोड़ता है, बल्कि नेपाल सीमा से सटे कई गांवों के लिए जीवनरेखा का कार्य करता है। सड़क की खराब स्थिति के कारण अब तक स्थानीय लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। बरसात के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते थे, जिससे आवागमन बाधित हो जाता था। अब हॉटमिक्स कार्य होने से सड़क मजबूत, सुरक्षित और सुगम बनेगी, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। विशेष बात यह रही कि कुमाऊं एकता महोत्सव में प्रतिभाग के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को भरोसा दिलाया था कि इस सड़क मार्ग के लिए वे स्वयं मुख्यमंत्री से वार्ता कर जल्द ही समाधान निकालेंगे। अब वित्तीय स्वीकृति मिलने के साथ ही उनका यह वादा पूरा होता नजर आ रहा है, जिससे लोगों का विश्वास और भी मजबूत हुआ है।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर रौसाल कुमाऊं एकता महोत्सव के अध्यक्ष सतीश भट्ट, समस्त पदाधिकारियों, पूर्व ग्राम प्रधान संजय भट्ट, पूर्व जिला पंचायत सदस्य पुष्कर सिंह बोहरा सहित नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों ने जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी का हृदय से आभार व्यक्त किया। साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति भी कृतज्ञता जताई गई।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क के सुधरने से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी। स्थानीय उत्पादों को बाजार तक पहुंचाना सरल होगा, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलेगा। साथ ही, आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में होने वाली परेशानी भी काफी हद तक कम हो जाएगी। कुमाऊं एकता महोत्सव से जुड़े लोगों का कहना है कि यह सड़क वर्षों से क्षेत्र की प्रमुख मांग रही है, जिसे अब पूरा कर दिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह क्षेत्र के विकास कार्यों को गति मिलती रहेगी। समस्त क्षेत्रवासियों ने एक स्वर में कहा कि यह केवल सड़क निर्माण नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए विकास की नई शुरुआत है, जिससे सीमांत क्षेत्र के लोगों का जीवन स्तर बेहतर होगा और क्षेत्र तेजी से विकास की ओर अग्रसर होगा।


