बाराही धाम में गूंजा स्वागत का स्वर, भुवन कापड़ी के सामने रखी गई विकास की बड़ी मांगें, पूजा-अर्चना के साथ क्षेत्र के विकास का एजेंडा तेज, पॉलिटेक्निक, उप तहसील और सड़क निर्माण की उठी जोरदार मांग

Spread the love

 

फोटो – बाराही धाम में प्रतिपक्ष के उप नेता भुवन कापड़ी का स्वागत करते स्थानीय लोग।

 

लोहाघाट। बाराही धाम देवीधुरा में आज राजनीतिक आस्था और जनभावनाओं का अनोखा संगम देखने को मिला, जब उत्तराखंड विधानसभा में प्रतिपक्ष के उप नेता भुवन कापड़ी अपने परिवार सहित मां बज्र बाराही के दर्शन करने पहुंचे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी और भावपूर्ण स्वागत कर क्षेत्र की समस्याओं और विकास से जुड़ी उम्मीदों को खुलकर सामने रखा।

मां बज्र बाराही मंदिर में आचार्य भुवन शास्त्री द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। इस दौरान भुवन कापड़ी ने प्रदेशवासियों की सुख-शांति और समृद्धि की कामना करते हुए मां का आशीर्वाद लिया। धार्मिक आस्था के इस माहौल में स्थानीय जनता ने भी अपने क्षेत्र के विकास का मुद्दा मजबूती से उठाया।

कापड़ी के बाराही धाम पहुंचने पर बीडीसी सदस्य प्रकाश मेहरा, राकेश बिष्ट, विक्रम बिष्ट, ईश्वर बिष्ट, गोकुल कोहली, जगदीश जोशी, हरीश राम, नरेंद्र बिष्ट, कविराज मौनी, भुवन जोशी समेत कई स्थानीय लोगों ने पारंपरिक अंदाज में उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर आचार्य कृति बल्लभ जोशी के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने भुवन कापड़ी को ज्ञापन सौंपते हुए क्षेत्र के विकास के लिए कई अहम मांगें रखीं। प्रमुख मांगों में बाराही धाम में राजकीय पॉलिटेक्निक की स्थापना, उप तहसील की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ संस्कृत महाविद्यालय से वालीक तक लगभग 3 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण की मांग शामिल रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इस सड़क का निर्माण हो जाता है, तो हल्द्वानी और अल्मोड़ा से बाराही धाम आने वाले श्रद्धालुओं की दूरी करीब 8 किलोमीटर तक कम हो जाएगी, जिससे क्षेत्र में पर्यटन को भी नया आयाम मिलेगा। इसके साथ ही देवीधुरा को पर्यटन मानचित्र में प्रमुख स्थान दिलाने की मांग भी जोर-शोर से उठाई गई।

जनता की भावनाओं को गंभीरता से लेते हुए भुवन कापड़ी ने भरोसा दिलाया कि वे इन सभी मांगों को राज्य सरकार के समक्ष मजबूती से रखेंगे और क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *