गोरलचौड़ मैदान में विकास का जश्न: 4 साल पूरे होने पर धामी के समर्थन में उमड़ा जनसैलाब , भव्य आयोजन में दिखा उत्साह, प्रदर्शनी से लेकर वर्चुअल संबोधन तक जनता ने दी लंबी पारी की दुआ

Spread the love

 

फोटो – विकास पुस्तिका का विमोचन करते हुए दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे व जिलाधिकारी मनीष कुमार सहित अन्य अधिकारी।

चंपावत। राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गोरलचौड़ मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में जनसैलाब उमड़ पड़ा। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बधाइयां देते हुए उनके दीर्घायु और लंबे समय तक प्रदेश का नेतृत्व करने की कामना की। पूरे आयोजन में उत्साह और जनसमर्थन साफ झलकता रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश चन्द्र पाण्डेय, नरेन्द्र सिंह लडवाल, सचिन जोशी, जिलाधिकारी मनीष कुमार, सीडीओ डॉ जीएस खाती, एडीएम केएन गोस्वामी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। जीजीआईसी की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर माहौल को भव्य बना दिया। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। मुख्य अतिथि और जिलाधिकारी ने स्टॉलों का निरीक्षण किया और स्कूली बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके प्रयासों को प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का वर्चुअल संबोधन सुना, जिसमें उन्होंने चार वर्षों के दौरान उत्तराखंड में हुए विकास कार्यों और आमजन के जीवन में आए बदलावों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राज्य की तस्वीर और तकदीर बदलने का कार्य जनता के विश्वास और सहयोग से संभव हुआ है और इसके लिए उन्होंने प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त किया।

मुख्य अतिथि श्याम नारायण पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि डबल इंजन सरकार ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और चंपावत को मॉडल जिला बनाने में मुख्यमंत्री की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने जनपद की धार्मिक, आध्यात्मिक और प्राकृतिक विशेषताओं का उल्लेख करते हुए इसे विशेष पहचान वाला क्षेत्र बताया। भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत ने भी मुख्यमंत्री के दीर्घ जीवन की कामना करते हुए कहा कि चंपावत अब उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरे हिमालयी राज्यों में अपनी अलग पहचान बना रहा है।

इस अवसर पर “संकल्प से सिद्धि विकसित उत्तराखंड” विकास पुस्तिका का लोकार्पण किया गया। साथ ही स्वरोजगार को बढ़ावा देने के तहत दो महिलाओं को बकरी पालन के लिए 35 हजार और 63 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए।

 

 

समाचार बॉक्स

 

 

डीएम मनीष कुमार के नाम पर गूंजता रहा मैदान, हर जिक्र पर बजी जोरदार तालियां।

 

 

कार्यक्रम के दौरान जैसे ही वक्ताओं ने जिलाधिकारी मनीष कुमार के कार्यों और उनके समर्पण का उल्लेख किया, दर्शक दीर्घा तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठी। लोगों ने खुलकर उनकी कार्यशैली की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि जिलाधिकारी ने प्रशासन और जनता के बीच की दूरी को कम कर विश्वास का ऐसा माहौल बनाया है, जिससे जनहित के कार्य तेजी से धरातल पर उतर रहे हैं। उनकी सक्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जनता के कामों के लिए उनके लिए 24 घंटे भी कम पड़ रहे हैं।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *