
लोहाघाट/चंपावत। रसोई गैस की किल्लत और आसमान छूती कीमतों को लेकर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। लोहाघाट और चंपावत दोनों जगहों पर कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ तीखी नारेबाजी की।
लोहाघाट में कांग्रेस जिला अध्यक्ष चिराग फर्त्याल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्टेशन बाजार स्थित वीर कालू सिंह चौक पर खाली गैस सिलेंडर के साथ प्रदर्शन किया और सरकार का पुतला दहन कर आक्रोश जताया।
फर्त्याल ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि चार साल के कार्यकाल में जनता की बुनियादी समस्याओं को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है। उन्होंने बेरोजगारी, महंगाई, बदहाल सड़कें और चरमराई स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सरकार को घेरा।
वहीं चंपावत में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैस आपूर्ति में अनियमितता और बढ़ती कीमतों के खिलाफ बाजार में प्रदर्शन करते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि सरकार आम जनता की परेशानियों से बेखबर होकर सिर्फ नेताओं और ठेकेदारों के हित साधने में लगी है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि वर्ष 2027 के चुनाव में भाजपा को इसका करारा जवाब दिया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान शैलेन्द्र राय, सुरेश ढेक, लोकेश पांडे, पवन ढेक, जीवन बिष्ट, हरीश राय, दिपांशु रावत, सुमित रैंसवाल और बल्लू महरा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


