

फोटो – गोरलचौड़ मैदान में सजा ‘गोल्ज्यू महोत्सव-2026’ का भव्य मंच—जहां 10 दिनों तक आस्था, संस्कृति और संगीत का होगा अद्भुत संगम
चम्पावत। न्याय के देवता भगवान गोल्ज्यू की पावन धरा चम्पावत आज से एक बार फिर भक्ति, संस्कृति और उल्लास के रंग में रंगने जा रही है। नगर पालिका परिषद द्वारा आयोजित ‘गोल्ज्यू महोत्सव-2026’ का भव्य शुभारंभ 04 मई को गोरलचौड़ मैदान में होगा, जिसका उद्घाटन प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाना प्रस्तावित है।
13 मई तक चलने वाले इस 10 दिवसीय महोत्सव में धार्मिक आस्था के साथ उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति का भव्य प्रदर्शन देखने को मिलेगा। पहले दिन सुबह भव्य कलश यात्रा के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी, जिसके बाद स्वागत समारोह और स्कूलों व सांस्कृतिक दलों की रंगारंग प्रस्तुतियां माहौल को उत्सवमय बना देंगी।
‘स्टार नाइट’ में सजेगा सुरों का जादू, हर शाम होगी यादगार
महोत्सव की सबसे खास आकर्षण ‘स्टार नाइट’ होगी, जो 04, 05 और 06 मई को हर रात 8 बजे से आयोजित होगी। 04 मई को लोकगायक दर्शन फर्स्वाण, गोविंद दिगारी और खुशी दिगारी अपनी सुरीली आवाज से समा बांधेंगे। 05 मई को स्वर कोकिला माया उपाध्याय, लोकप्रिय गायक इंदर आर्य और नीरज चुफाल मंच पर जलवा बिखेरेंगे। 06 मई को श्वेता महारा, फौजी ललित मोहन जोशी, स्वामी भट्ट, सौरभ मैठानी और हरि जोशी की प्रस्तुतियां दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर देंगी।
इसके अलावा 05 और 06 मई को शाम 4 बजे से स्थानीय कलाकारों और स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी खास आकर्षण रहेंगे।
संस्कृति, स्वरोजगार और स्वाद का भी मिलेगा अनोखा संगम
महोत्सव के दौरान 10 दिनों तक विकास प्रदर्शनी, स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल, पारंपरिक हस्तशिल्प और उत्तराखंड के लजीज स्थानीय व्यंजनों के स्टॉल सजेंगे। यह आयोजन जहां एक ओर लोक संस्कृति को सहेजने का माध्यम बनेगा, वहीं स्थानीय उत्पादों और कलाकारों को भी बड़ा मंच प्रदान करेगा।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय ने इसे जन-जन को अपनी संस्कृति से जोड़ने का सशक्त प्रयास बताया है। प्रशासन ने सभी नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस महोत्सव को यादगार बनाएं।


