

टनकपुर/चम्पावत।
पेयजल परियोजना को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने साफ कर दिया है कि विकास कार्यों के नाम पर जनता को किसी भी तरह की असुविधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए—काम भी तेज हो और आमजन की सुविधा भी पूरी तरह सुरक्षित रहे।
नगर में करीब 65 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाने, 3 नए जलाशय और 5 नलकूपों के निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। यह परियोजना पूरी होने के बाद टनकपुर की पेयजल व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
हालांकि, निर्माण कार्यों के चलते धूल, उखड़ी सड़कों और सुरक्षा मानकों को लेकर मिल रही शिकायतों पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए हैं कि हर काम तय मानकों के अनुसार हो और जनता को कम से कम परेशानी हो।
प्रशासन के अनुसार, पाइपलाइन बिछाने के बाद गड्ढों को तुरंत भरकर सड़क को चलने लायक बनाया जा रहा है। साथ ही धूल से राहत देने के लिए नियमित पानी का छिड़काव और सड़क धंसने से बचाने के लिए अस्थायी मरम्मत भी जारी है। मानसून से पहले सड़कों की पूरी बहाली की तैयारी भी कर ली गई है।
सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि अब जनता की शिकायतों के लिए 24×7 हेल्पलाइन व्यवस्था भी शुरू कर दी गई है, जिससे किसी भी समस्या का तुरंत समाधान किया जा सके।
जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि यह परेशानी कुछ समय के लिए है, लेकिन इसका फायदा लंबे समय तक मिलेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि परियोजना समय पर और बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरी होगी, जिससे टनकपुर को स्थायी रूप से बेहतर पेयजल सुविधा मिलेगी।


