

फोटो – चम्पावत के गौरलचौड़ मैदान में आयोजित गोलज्यू महोत्सव में खरीदारी और मनोरंजन का आनंद लेते लोगों की उमड़ी भारी भीड़।
चम्पावत। गोलज्यू महोत्सव को लेकर चम्पावत का ऐतिहासिक गौरलचौड़ मैदान इन दिनों पूरी तरह गुलजार नजर आ रहा है। मेले में दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंच रहे लोगों की भारी भीड़ के चलते पूरा मैदान रौनक से भर उठा है। बच्चों के मनोरंजन के लिए लगाए गए खेल-तमाशे और झूले विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
मेला क्षेत्र में विभिन्न राज्यों से पहुंचे व्यापारियों ने अपने आकर्षक स्टॉल सजाए हैं। हिमाचल प्रदेश से आए व्यापारियों द्वारा तैयार किया जा रहा प्रसिद्ध “सीटू” चावल का व्यंजन लोगों को खूब पसंद आ रहा है। इसके अलावा फैंसी आइटम, सजावटी सामान और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
उत्तर प्रदेश के भदोही से आई प्रसिद्ध कालीनें भी मेले की खास पहचान बनी हुई हैं। वहीं स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पाद और हस्तशिल्पियों की कलात्मक वस्तुएं भी लोगों को खूब आकर्षित कर रही हैं। हिमाचल प्रदेश से आए व्यापारियों के समूह द्वारा लाई गई रंग-बिरंगी और आकर्षक वस्तुएं खरीददारों की पहली पसंद बनी हुई हैं। मेले में बढ़ती भीड़ को देखते हुए नगर पालिका के भारत त्रिपाठी व्यापारियों और आयोजन से जुड़े लोगों के बीच बेहतर समन्वय बनाते नजर आ रहे हैं।
भीड़ का आलम यह है कि लोहाघाट, खेतीखान सहित दूरस्थ क्षेत्रों से भी लोग परिवार के साथ खरीदारी और मनोरंजन के लिए मेले में पहुंच रहे हैं। उपभोक्ताओं की भारी भीड़ से व्यापारियों के चेहरे भी खिले हुए हैं और कारोबार में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।


