चम्पावत के युवाओं के लिए सुनहरा मौका: टाटा मोटर्स में 900 पदों पर भर्ती, 16 मई को लगेगा विशाल रोजगार मेला

Spread the love

इंटरमीडिएट से स्नातक तक के अभ्यर्थियों को मिलेगा अवसर, पंतनगर प्लांट में होगी तैनाती।

 

 

चम्पावत। जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशन में जिला सेवायोजन कार्यालय, चम्पावत द्वारा आगामी 16 मई 2026 को एक दिवसीय विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। रोजगार मेला जिला सेवायोजन कार्यालय परिसर में आयोजित होगा, जहां बड़ी संख्या में युवाओं के चयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

इस रोजगार मेले में क्वैस कॉर्प लिमिटेड (टाटा मोटर्स) के एचआर प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे, जो लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के माध्यम से अभ्यर्थियों का चयन करेंगे। भर्ती अभियान के तहत कुल 900 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। चयनित अभ्यर्थियों को टाटा मोटर्स के पंतनगर (रुद्रपुर) प्लांट में तैनाती दी जाएगी।

भर्ती प्रक्रिया में इंटरमीडिएट, आईटीआई, स्नातक एवं समकक्ष योग्यता रखने वाले युवा प्रतिभाग कर सकेंगे। अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 25 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित युवाओं को ₹16,250 प्रतिमाह वेतनमान दिया जाएगा। जिला सेवायोजन कार्यालय ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रतियां, बायोडाटा और दो पासपोर्ट साइज फोटो के साथ 16 मई को सुबह 9:30 बजे तक रोजगार मेले में अनिवार्य रूप से उपस्थित हों। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रतिभागियों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता या मार्ग व्यय देय नहीं होगा।

रोजगार मेले में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का नेशनल करियर सर्विस (NCS) पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य रखा गया है। अभ्यर्थी एनसीएस पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। रोजगार मेले से संबंधित अधिक जानकारी और सहायता के लिए अभ्यर्थी जिला सेवायोजन कार्यालय चम्पावत के दूरभाष नंबर 05965-297303 अथवा मोबाइल नंबर 7830860575 और 9411132677 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *