मुख्यमंत्री की पहल से दिव्यांग महेश के जीवन में लौटी उम्मीद, अब हर साल मिलेगी ₹36 हजार पेंशन

Spread the love

 

फोटो :100 प्रतिशत दिव्यांग महेश सिंह,

जन्मतिथि की विसंगति बनी थी सबसे बड़ी बाधा, डीएम और जिला सैनिक कल्याण विभाग के प्रयासों से मिला केंद्रीय सैनिक बोर्ड का लाभ।

 

लोहाघाट। चौमेल क्षेत्र के पूर्व सैनिक सूबेदार मान सिंह के परिवार में इन दिनों तीन माह पहले ही दिवाली जैसी खुशियां हैं। वर्षों से सरकारी सहायता से वंचित उनके 100 प्रतिशत दिव्यांग पुत्र महेश सिंह को अब केंद्रीय सैनिक बोर्ड की ओर से प्रतिवर्ष 36 हजार रुपये पेंशन मिलेगी। लंबे समय से अटकी इस समस्या का समाधान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल और जिला प्रशासन के प्रयासों से संभव हो सका।

बताया गया कि बिजली का करंट लगने से अपने दोनों हाथ गंवा चुके महेश सिंह के व्यक्तिगत अभिलेख और सैनिक अभिलेख में जन्मतिथि अलग-अलग दर्ज होने के कारण उन्हें किसी भी प्रकार की सैनिक कल्याण योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा था। इससे परिवार वर्षों से परेशान था। वृद्ध पिता सूबेदार मान सिंह को सबसे बड़ी चिंता अपने दिव्यांग बेटे के भविष्य की थी। मामला मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संज्ञान में आने पर उन्होंने जिलाधिकारी मनीष कुमार को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी ने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह के साथ समन्वय कर अभिलेखों में दर्ज जन्मतिथि की विसंगति को दूर कराने की प्रक्रिया शुरू कराई।

जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह ने बताया कि अभिलेखों में आवश्यक संशोधन के बाद अब महेश सिंह को केंद्रीय सैनिक बोर्ड की ओर से ₹36 हजार वार्षिक पेंशन का लाभ नियमित रूप से मिलेगा।

पूर्व सैनिक सूबेदार मान सिंह ने मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी और जिला सैनिक कल्याण विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके बेटे के भविष्य को लेकर जो चिंता उन्हें वर्षों से सता रही थी, वह अब काफी हद तक दूर हो गई है।

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *