38 साल 10 माह की गौरवशाली सेवा के बाद इंस्पेक्टर हरीश सिंह सेवानिवृत्त, भावुक विदाई में दिए अनुशासन और समर्पण के मंत्र

Spread the love

 

फोटो : 38 वर्ष 10 माह की सेवा के बाद सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर हरीश सिंह को सम्मानपूर्वक विदाई देते आईटीबीपी 36वीं वाहिनी के अधिकारी एवं हिमवीर।

 

लोहाघाट। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 36वीं वाहिनी में 38 वर्ष 10 माह की उल्लेखनीय सेवा देने के बाद इंस्पेक्टर हरीश सिंह सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त हो गए। उनकी विदाई पर आयोजित समारोह भावुक क्षणों का साक्षी बना, जहां अधिकारियों और हिमवीरों ने उन्हें सम्मान के साथ विदा किया।

कमांडेंट संजय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में उन्होंने कहा कि हरीश सिंह जैसे अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित जवानों की बदौलत ही आईटीबीपी कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी असंभव लगने वाले कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा करती है।

अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए इंस्पेक्टर हरीश सिंह ने जवानों और अधिकारियों को सफलता का मूलमंत्र देते हुए कहा कि “निष्ठा, अनुशासन, समर्पण और देश के लिए सर्वस्व न्योछावर करने की भावना का कोई विकल्प या शॉर्टकट नहीं होता। अपनी पहचान अपने कार्य और व्यवहार से बनानी पड़ती है। आज का काम कभी कल पर नहीं छोड़ना चाहिए, क्योंकि वही आगे चलकर बोझ बन जाता है।”

उन्होंने कमांडेंट संजय कुमार के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में हमेशा परिवार के मुखिया जैसा स्नेह, सहयोग और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी सुबे सिंह, उप सेनानी राजकुमार, सहायक सेनानी गौरव कुमार, डॉ. शुभम मोहनपुरिया, सहायक सेनानी दीप सैनी, सहायक सेनानी अक्षय गणपति, अंकुर कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और हिमवीर उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *