देश भक्ति की दूनों से गुंजा चम्पावत, हर घर तिरंगा और वंदे मातरम अभियान के तहत एसएसबी के फ़्रांस बैंड ने बांधा समां, तिरंगे के रंग में रंगा शहर

Spread the love

हर घर तिरंगा’ और ‘वन्दे मातरम्’ अभियान के तहत एसएसबी के ब्रास बैंड की शानदार प्रस्तुति, देशभक्ति की धुनों पर झूमे लोग; डीएम मनीष कुमार ने आमजन से अभियान में जुड़ने का किया आह्वान।

फोटो : चम्पावत बस स्टैंड में ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘वन्दे मातरम्’ अभियान के तहत आयोजित ब्रास बैंड प्रदर्शन के दौरान देशभक्ति की धुनों से माहौल हुआ राष्ट्रप्रेम से सराबोर। कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार, एसएसबी अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक रहे मौजूद।

 

चम्पावत। स्वतंत्रता दिवस-2026 के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ एवं ‘वन्दे मातरम् अभियान’ के तहत रविवार को चम्पावत बस स्टैंड देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। पंचम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, चम्पावत की ओर से आयोजित विशेष ब्रास बैंड प्रदर्शन में देशभक्ति की धुनों ने माहौल में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का जोश भर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और एसएसबी कार्मिकों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का नेतृत्व पंचम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के कार्यवाहक कमांडेंट शिव राम ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाना तथा स्वतंत्रता दिवस को लेकर लोगों में उत्साह एवं उमंग पैदा करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने आमजन से ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘वन्दे मातरम्’ अभियानों से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का भी अवसर है।

इसके बाद सीमांत मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल रानीखेत की ब्रास बैंड टीम ने ‘वन्दे मातरम्’ की शानदार प्रस्तुति से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद ‘मेरे वतन के लोगों’, ‘कदम-कदम बढ़ाए जा’, ‘विजय धुन ताकत वतन की’, ‘रंग दे बसंती चोला’ और ‘सारे जहां से अच्छा’ जैसी देशभक्ति की धुनों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने वातावरण को पूरी तरह राष्ट्रप्रेम से भर दिया।

ब्रास बैंड की एक के बाद एक शानदार प्रस्तुतियों के दौरान बस स्टैंड परिसर में मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। एसएसबी जवानों की शानदार प्रस्तुति ने बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में देशभक्ति का जज्बा पैदा किया। पूरा बस स्टैंड देशभक्ति की धुनों से गूंजता नजर आया।

कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना के साथ ‘हर घर तिरंगा अभियान’ में भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। पंचम वाहिनी एसएसबी की ओर से लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति की भावना को मजबूत करने की अपील की गई।

कार्यक्रम के अंत में पंचम वाहिनी एसएसबी के कार्यवाहक कमांडेंट शिव राम ने कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों, अधिकारियों, बल कार्मिकों एवं उनके परिवारजनों, मीडिया प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

कार्यक्रम में कमांडेंट चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशाल बरनवाल, उप कमांडेंट करन चौहान, सुदेश कुमार, नवनीत कुमार, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, नगर मंडल अध्यक्ष सुनील पुनेठा, जगदीश जोशी, प्रकाश पांडेय, आनंद अधिकारी सहित जिला प्रशासन, पुलिस, पर्यटन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, एसएसबी के जवान और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *