प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर चम्पावत में ‘सेवा संकल्प’ का आगाज, एक माह तक चलेंगे सेवा और जनकल्याण के कार्यक्रम

Spread the love

 

फोटो : चम्पावत जिला कार्यालय सभागार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ करते जिलाधिकारी मनीष कुमार, दर्जा प्राप्त मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय एवं जनप्रतिनिधि।

 

चम्पावत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चम्पावत में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ का गुरुवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार, दर्जा प्राप्त मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान की शुरुआत की। अभियान के तहत जिलेभर में सेवा, स्वच्छता, पोषण, जनसहभागिता, नवाचार और सुशासन से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में जिले के प्रगतिशील किसानों ने सरकारी योजनाओं से मिले लाभ और अपने अनुभव साझा किए। प्रगतिशील मत्स्य पालक प्रकाश कुमार ने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना से मिले लाभ की जानकारी दी। वहीं कैलाश सिंह ने बताया कि पहले वह निजी क्षेत्र में नौकरी करते थे, लेकिन बकरी पालन, गो-पालन और सब्जी उत्पादन से जुड़ी योजनाओं का लाभ लेकर अब स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त हो रहे हैं।

प्रगतिशील किसान बलदेव जोशी और कैलाश गिरी ने तारबाड़, मधुमक्खी पालन और मशरूम उत्पादन से जुड़ी योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी दी। किसानों ने कहा कि विभागों की ओर से दिया जा रहा प्रशिक्षण उन्हें आधुनिक तकनीकों से जोड़ने में मददगार साबित हो रहा है। किसान अमित खर्कवाल ने भी केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से मिले लाभ के लिए आभार जताया।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने किसानों को प्रोत्साहित करते हुए अधिक से अधिक पात्र कृषकों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने बताया कि जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ की दिशा में लगभग 10 से 12 करोड़ रुपये से किसानों को लाभान्वित करने की पहल की जा रही है। उन्होंने इस दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के स्तर से मिल रहे सहयोग का भी उल्लेख किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने, खेती को लाभकारी बनाने और ग्रामीणों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए संचालित योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार शाम 6:30 बजे गोल्ज्यू मंदिर, गोरलचौड़ चम्पावत में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सेवा और जनकल्याण के संकल्प के साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे और जनसहभागिता के माध्यम से सेवा का संदेश दिया जाएगा।

अभियान के दौरान जिले के प्रमुख धार्मिक, पर्यटन और सार्वजनिक स्थलों पर भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। शारदा घाट, मां पूर्णागिरि मंदिर, श्यामलाताल, टी-गार्डन, घटकू हिडिम्बा मंदिर, गोल्ज्यू मंदिर, डिप्तेश्वर मंदिर, माणेश्वर मंदिर, कोलीढेक झील, एबट माउंट, पंचेश्वर, देवीधुरा मंदिर और नागार्जुन पार्क समेत विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम होंगे। इसके साथ ही सभी ग्राम पंचायतों में सेवा संकल्प दिवस मनाया जाएगा।

एपीडी विम्मी जोशी ने अभियान के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि एक माह के दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा फर्स्ट’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनके माध्यम से बाल पोषण एवं मातृ-शिशु कल्याण, बहुउद्देशीय शिविर, सफाई, वृक्षारोपण, शिक्षण, इनोवेशन, स्टार्टअप और रिसर्च जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।

‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ की भावना के अनुरूप सेवा संकल्प अभियान के दौरान आमजन की भागीदारी बढ़ाने पर जोर रहेगा। अभियान के जरिए सेवा और सामाजिक दायित्व की भावना को मजबूत करने के साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में दर्जा प्राप्त मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय, दर्जा प्राप्त मंत्री हेमा जोशी, दर्जा प्राप्त मंत्री किरन जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, जिला कोऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष निर्मल माहरा, रेडक्रॉस चेयरमैन राजेंद्र गहतोड़ी, मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *