

फोटो – मोबाइल से QR कोड स्कैन कर शिकायत दर्ज करने की नई डिजिटल सुविधाओं की जानकारी देते नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, अधिशासी अधिकारी सौरभ नेगी एवं अन्य जनप्रतिनिधि।
लोहाघाट। नगर पालिका परिषद ने नगरवासियों की सुविधा, पारदर्शिता और त्वरित समाधान को ध्यान में रखते हुए एक अत्याधुनिक QR आधारित शिकायत पंजीकरण प्रणाली लागू कर दी है। अब नगर के नागरिकों को अपनी समस्याओं के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे सिर्फ मोबाइल से QR कोड स्कैन करते ही शिकायत सीधे पालिका के सिस्टम में दर्ज हो जाएगी।
यह नई डिजिटल व्यवस्था प्रशासनिक दक्षता को नई गति देगी और स्वच्छता सहित विभिन्न नागरिक सेवाओं में सुधार लाएगी। शिकायत दर्ज होते ही संबंधित विभाग तक सूचना स्वतः पहुंच जाएगी और समाधान की पूरी प्रक्रिया के बाद नागरिकों को कॉल या SMS के माध्यम से अपडेट भी मिलेगा। पालिका अध्यक्ष श्री गोविंद वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में इस सिस्टम को तत्काल प्रभाव से लागू किया गया। अधिशासी अधिकारी श्री सौरभ नेगी और सभी सभासदों ने इसे शहर को “स्मार्ट और जिम्मेदार” बनाने की दिशा में बड़ा कदम बताया। नगर पालिका ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस नई सुविधा का अधिकतम उपयोग करें और लोहाघाट को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और तकनीकी रूप से सशक्त नगर बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।


