रीठा साहिब जोड़ मेले को लेकर तैयारियां तेज, देश-विदेश से जुटेंगे श्रद्धालु, 29 मई से शुरू होगा तीन दिवसीय मेला, हेली सेवा की घोषणा से बढ़ी उम्मीदें

Spread the love

 

फोटो – गुरुद्वारा प्रबंधक बाबा श्याम सिंह एवं दिल्ली गुरुद्वारा के बाबा सुरेंद्र सिंह मेले की तैयारियों पर चर्चा करते हुए।

 

लोहाघाट। मीठे रीठे के चमत्कार के लिए विश्व प्रसिद्ध गुरुद्वारा श्री रीठा साहिब में आयोजित होने वाला तीन दिवसीय सालाना जोड़ मेला 29 मई से शुरू होने जा रहा है। इस धार्मिक मेले को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं और देश-विदेश से आने वाले सिख श्रद्धालु बड़ी उत्सुकता के साथ इसका इंतजार कर रहे हैं।

गुरुद्वारा प्रबंधक बाबा श्याम सिंह के अनुसार मेले की तैयारियों को धीरे-धीरे अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दिल्ली गुरुद्वारा से जुड़े बाबा सुरेंद्र सिंह के दिशा-निर्देशन में तीर्थ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

बाबा सुरेंद्र सिंह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा की गई उस घोषणा का स्वागत किया है, जिसमें गुरुद्वारा श्री रीठा साहिब के लिए दिल्ली और देहरादून से सीधी हेली सेवा शुरू करने की बात कही गई है। उनका कहना है कि यदि मेले से पूर्व यह सेवा शुरू हो जाती है तो देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यात्रा और अधिक सुगम हो जाएगी और उनकी मनोकामनाएं पूर्ण होंगी।

फिलहाल गुरुद्वारे के उत्तर दिशा में अस्थायी हेलीपैड बना हुआ है, जहां समय-समय पर महामहिम राज्यपाल और मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर उतरता रहा है। इधर जिलाधिकारी मनीष कुमार मुख्यमंत्री की घोषणा को धरातल पर उतारने के लिए सक्रिय रूप से प्रयासरत हैं। उनका मानना है कि गुरुद्वारा श्री रीठा साहिब चम्पावत जिले की एक विशेष पहचान है, जिसे देश-विदेश में श्रद्धा के साथ देखा जाता है।

जिलाधिकारी ने बताया कि तीर्थ यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए यहां सड़क मार्ग के विस्तार और अन्य व्यवस्थाओं को भी सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यदि मेले से पहले हेली सेवा शुरू हो जाती है तो इसका संचालन नियमित रूप से किया जा सकेगा।

दिल्ली गुरुद्वारा के बाबा सुरेंद्र सिंह को भी विश्वास है कि जिला प्रशासन का त्वरित एक्शन यहां देखने को मिलेगा और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि लोग रीठा साहिब में गुरु घर में हुए उस चमत्कार के बारे में सुनते आए हैं, जिसमें कड़वे रीठों में मिठास आ गई थी, और अब वे इसे अपनी आंखों से देखने के लिए यहां पहुंचना चाहते हैं। मेले की व्यवस्थाओं को लेकर गुरुद्वारा प्रबंधक बाबा श्याम सिंह लगातार जिला प्रशासन के संपर्क में हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और आयोजन भव्य व सफल बनाया जा सके।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *