

फोटो चम्पावत कलक्ट्रेट सभागार में उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन एवं प्रोत्साहन योजना की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक लेते अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी।
चम्पावत। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन एवं प्रोत्साहन योजना के तहत चम्पावत जिले में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की तलाश के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को जिला कार्यालय सभागार में अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ट्रायल प्रक्रिया और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। एडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी जरूरी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।
जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन बिष्ट ने बताया कि योजना के तहत 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के चयनित खिलाड़ियों को प्रतिमाह 1500 रुपये छात्रवृत्ति, जबकि 14 से 23 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को प्रतिमाह 2000 रुपये छात्रवृत्ति के साथ 10 हजार रुपये की खेल किट उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि उन्नयन योजना के तहत जिले से 150 बालक और 150 बालिकाओं, जबकि प्रोत्साहन कार्यक्रम के तहत 100 बालक और 100 बालिकाओं का चयन न्याय पंचायत, नगर पंचायत, विकासखंड और जिला स्तर पर आयोजित ट्रायल के आधार पर मेरिट सूची से किया जाएगा। अंतिम चरण में जिला स्तर पर कुल 660 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे, जिनमें से 300 खिलाड़ियों का चयन छात्रवृत्ति के लिए होगा।
एडीएम कृष्ण नाथ गोस्वामी ने जिला क्रीड़ा अधिकारी को ट्रायल स्थलों पर स्वास्थ्य टीम, पुलिस बल, पेयजल, पौष्टिक भोजन और शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए खिलाड़ी का उत्तराखंड का मूल निवासी होना अनिवार्य है। ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक, जन्म प्रमाण पत्र अथवा हाईस्कूल की अंकतालिका तथा दो पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाने होंगे। सरकारी खेल छात्रावासों या अन्य सरकारी खेल छात्रवृत्ति का लाभ ले रहे खिलाड़ी इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे।
खिलाड़ियों का चयन 30 मीटर फ्लाइंग रन, वर्टिकल जंप, मेडिसिन बॉल थ्रो, शटल रन, 800 मीटर दौड़ तथा खेल विशेष कौशल परीक्षण के आधार पर किया जाएगा। ट्रायल में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, जूडो, कराटे, बैडमिंटन, ताइक्वांडो, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, हॉकी, टेबल टेनिस और कबड्डी सहित 12 खेलों में प्रतिभाओं का चयन किया जाएगा।
बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी दीप्त कीर्ति तिवारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, एसडीओ जल संस्थान पवन बिष्ट, पुलिस विभाग, पूर्ति विभाग तथा विभिन्न खेल प्रशिक्षक मौजूद रहे।


