फोटो – चंपावत में भाजपा द्वारा मुख्य बाजार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बड़ी स्क्रीन पर केंद्रीय बजट 2026–27 का सीधा प्रसारण देखते कार्यकर्ता और व्यापारी।

चंपावत। केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026–27 का आम बजट विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत 53.5 लाख करोड़ रुपये का यह बजट वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को मजबूती प्रदान करेगा। यह बात भारतीय जनता पार्टी चंपावत के जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत ने कही।
भाजपा चंपावत द्वारा जिला मुख्यालय चंपावत के मुख्य बाजार में बड़ी स्क्रीन लगाकर बजट को आम जनता के बीच सुना गया। इस दौरान व्यापारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने बजट को विकसित भारत का बजट बताते हुए केंद्र सरकार की नीतियों का स्वागत किया। गोविंद सिंह सामंत ने कहा कि बजट में प्रत्येक जिले में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बालिका छात्रावास निर्माण का प्रावधान सरकार की बेटियों के प्रति सम्मान और सशक्तिकरण को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं, जो केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का परिणाम है।
उन्होंने बताया कि पर्वतीय राज्यों में आपदा संवेदनशीलता को देखते हुए विशेष प्रशिक्षण संस्थान स्थापित किए जाएंगे, जिससे आपदा की स्थिति में राहत और बचाव कार्यों को मजबूती मिलेगी। यह केंद्र सरकार की उत्तराखंड के प्रति दूरदर्शी सोच को दर्शाता है।
साथ ही बजट में ऐतिहासिक स्थलों को पर्यटन से जोड़ने, खेलो इंडिया के तहत खेलों के माध्यम से रोजगार और कौशल विकास को बढ़ावा देने तथा प्रत्येक क्षेत्र में महिलाओं को प्रोत्साहित करने की बात कही गई है। इससे स्पष्ट होता है कि केंद्र सरकार महिला सशक्तिकरण को लेकर लगातार कार्य कर रही है। कृषि और पशुपालन क्षेत्र में भी केंद्र सरकार निरंतर सहयोग प्रदान कर रही है। दिव्यांगजनों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के प्रावधान सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाते हैं। मोदी सरकार द्वारा दिव्यांग शब्द के प्रयोग से सामाजिक सम्मान की भावना को बल मिला है। इसके साथ ही बजट में जिला अस्पतालों में इमरजेंसी और ट्रामा सेंटर की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई है। इस अवसर पर वरिष्ठ कार्यकर्ता जगदीश जोशी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेंद्र लटवाल, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, कार्यक्रम संयोजक भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रकाश पांडे, मंडल अध्यक्ष सुनील पुनेठा, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, व्यापारी संघ के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


