

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों का कालखंड उत्तराखंड के विकास के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अवधि में राज्य में सड़क, रेल और हवाई संपर्क के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है, जिससे विकास की नई संभावनाओं के द्वार खुले हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना तथा विभिन्न हवाई संपर्क योजनाओं ने प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई मजबूती प्रदान की है। इसके परिणामस्वरूप राज्य के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित हुई है तथा स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।
धामी ने कहा कि बेहतर संपर्क व्यवस्था से पर्यटन, व्यापार और रोजगार के अवसरों में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कनेक्टिविटी को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश के अंतिम छोर तक सड़क, संचार और परिवहन सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से अनेक परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित करेगा और देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान को और मजबूत बनाएगा।


