

फोटो – अद्वैत आश्रम मायावती के धर्मार्थ चिकित्सालय का एक दृश्य।
लोहाघाट। अद्वैत आश्रम मायावती के धर्मार्थ चिकित्सालय में 13 दिवसीय निःशुल्क छाती एवं सामान्य रोग चिकित्सा शिविर का शुभारंभ हो गया है। शिविर का संचालन लखनऊ के प्रख्यात चिकित्सक डॉ. विनय कुमार मिश्रा द्वारा किया जा रहा है।
शिविर का उद्घाटन आश्रम अध्यक्ष स्वामी शुद्धिदानंद जी महाराज ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस प्रकार के निःशुल्क चिकित्सा शिविरों के माध्यम से रोगियों को नारायण मानकर उनकी सेवा की जा रही है और मानव सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं होता।
चिकित्सालय में आगामी दिनों में विभिन्न विशेषज्ञ शिविर भी आयोजित होंगे। 12 से 15 मई तक हृदय रोग, 31 मई से 5 जून तक ईएनटी तथा 15 मई से 25 जून तक शल्य चिकित्सा एवं ऑपरेशन शिविर आयोजित होंगे। साथ ही 31 मई से 5 जून विशाल नेत्र चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें कोलकाता से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मोतियाबिंद सहित आंखों के रोगों का उपचार करेगी। चिकित्सालय के प्रभारी स्वामी एकदेवानंद जी महाराज ने बताया कि शिविर में दवा, जांच व उपचार की समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ उठाने की अपील की। बताया गया कि चिकित्सालय में प्रतिवर्ष सैकड़ों नेत्र रोगियों का सफल ऑपरेशन कर उन्हें नई दृष्टि प्रदान की जाती है और अब तक हजारों निःशुल्क ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए जा चुके हैं।


