खटीमा में महिला हत्याकांड की पुलिस ने सुलझाई गुत्थी, आरोपी को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर किया गिरफ्तार

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने सोमवार को खुलासे  के दौरान बताया कि 1 नवंबर की रात्रि में कोतवाली खटीमा क्षेत्र के सब्जी मंडी के पीछे, रेलवे पटरी के पास झाड़ियों में एक पीले रंग के कट्टे में एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। जांच में शव की पहचान सुनीता पत्नी आनंद, निवासी पकडिया, थाना झनकईया, जनपद ऊधमसिंहनगर (उम्र 24 वर्ष) के रूप में हुई।

इस मामले में पुलिस गठित पुलिस टीमों ने आसपास के लोगों से विस्तृत पूछताछ,कर लगभग 400 से अधिक CCTV फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण, तथा मुखबिर सूचना को मिलाकर घटनाक्रम को जोड़ा।

 

फुटेज में मृतका को एक व्यक्ति की मोटरसाइकिल पर जाते हुए देखा गया। मुखबिर से सूचना मिली कि 30 अक्टूबर 2025 को एक ठेकेदार उदयवीर शर्मा उसे अपने साथ बाइक पर ले गया था और अगले ही दिन उसने अपना किराए का कमरा खाली कर दिया।

साक्ष्यों के आधार पर उदयवीर शर्मा पुत्र खीमचंद शर्मा, निवासी ग्राम ढाकर, थाना खुर्जा, जिला बुलन्दशहर (उम्र 59 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।

आरोपित ने बताया कि उस शाम मृतका उसे रास्ते में मिली और आग्रह करने पर वह उसे अपनी बाइक पर बैठाकर होटल बेस्ट व्यू के पास स्थित अपने किराए के कमरे पर ले गया। अत्यधिक शराब की दुर्गंध आने पर उसने संबंध बनाने से मना किया। मृतका द्वारा पैसे मांगने, कपड़े फाड़ने और झूठा मुकदमा लिखवाने की धमकी देने पर उसने मुंह व नाक दबाकर उसकी हत्या कर दी।

अपनी आगामी पारिवारिक प्रतिष्ठा (बेटी की शादी 22.11.2025) खराब होने के डर से उसने अपनी महिला मित्र और एक अन्य परिचित की मदद से शव को पीले कट्टे में भर 31 अक्टूबर की दोपहर को रेलवे पटरी के पास झाड़ियों में छुपा दिया था।