बनभूलपुरा में अवैध रूप से संचालित 7 क्लीनिक हुए सील,जरूरी दस्तावेज नहीं दिखा पाने और नियमों का उल्लघंन पर प्रशासन ने की बड़ी कार्रवाई 

 

हल्द्वानी। बनभूलपुरा में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बनभूलपुरा क्षेत्र में संचालित सात क्लीनिकों को सील किया है,सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, एसडीएम मोनिका आर्या, थाना बनभूलपुरा पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान टीम ने क्लीनिकों के जरूरी दस्तावेज और पंजीकरण संबंधी कागजातों की जांच की,सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया मौके पर क्लीनिक संचालक जरूरी दस्तावेज नहीं दिखा सके, जिसके बाद सातों क्लीनिकों को सील कर दिया गया। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि प्रशासन को क्षेत्र में बिना जरूरी दस्तावेजों के क्लीनिक संचालित किए जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर आज कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी क्लीनिक संचालकों को स्वास्थ्य विभाग के निर्धारित मानकों के अनुरूप पंजीकरण और आवश्यक लाइसेंस रखना अनिवार्य है। नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।