मायावती आश्रम का सेवा संकल्प: 6 मई से निशुल्क चिकित्सा शिविरों की श्रृंखला, देशभर के विशेषज्ञ देंगे सेवाएं ,हृदय रोग, सर्जरी और ईएनटी तक मुफ्त इलाज, रोगियों के लिए बस सेवा भी शुरू

Spread the love

 

 

फोटो – मायावती आश्रम का धर्मार्थ चिकित्सालय जहां हर पल मानव सेवा की महक महसूस होती है।

 

लोहाघाट।अद्वैत आश्रम मायावती का धर्मार्थ चिकित्सालय एक बार फिर मानव सेवा की मिसाल पेश करने जा रहा है। यहां तीसरे चरण में निशुल्क चिकित्सा शिविरों की श्रृंखला 6 मई से शुरू होगी, जिसमें देश के नामी अस्पतालों के विशेषज्ञ डॉक्टर अपनी सेवाएं देंगे। चिकित्सालय प्रशासन द्वारा मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लोहाघाट से चिकित्सालय तक आने-जाने के लिए निशुल्क बस सेवा भी शुरू की है। यह बस प्रतिदिन सुबह 10 बजे रोडवेज स्टेशन से मरीजों को लेकर आश्रम पहुंचेगी, जिससे दूर-दराज के जरूरतमंदों को बड़ी राहत मिलेगी।

आश्रम के अध्यक्ष स्वामी शुद्धिदानंद जी महाराज ने बताया कि 6 से 16 मई तक सामान्य रोग और हृदय रोग से संबंधित शिविर आयोजित होगा, जिसमें लखनऊ से प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. विनय मिश्रा अपनी सेवाएं देंगे। वहीं 12 से 15 मई तक विशेष हृदय रोग शिविर लगेगा, जिसमें पटना से एमडी, डीएम विशेषज्ञ डॉ. एस. चटर्जी मरीजों का उपचार करेंगे।

इसके बाद 15 मई से 15 जून तक सर्जरी शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें लखनऊ के प्रख्यात सर्जन डॉ. नीरज द्विवेदी ऑपरेशन सहित जटिल उपचार करेंगे। साथ ही गुजरात से आए सर्जन डॉ. हरेश शाह पिछले एक माह से अपनी सेवाएं दे रहे हैं और जून के अंत तक यहां मरीजों का उपचार करते रहेंगे। ईएनटी (नाक, कान, गला) रोगों के लिए भी 31 मई से 5 जून तक विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें डॉ. देवव्रत हालदार विशेषज्ञ सेवाएं देंगे। चिकित्सालय के प्रभारी स्वामी एकदेवानंद जी महाराज के अनुसार, शिविरों के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं, ताकि आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर और निशुल्क उपचार मिल सके।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *