देवीधुरा इंटर कॉलेज का वार्षिकोत्सव बना प्रतिभाओं का महाकुंभ, संस्कृति और शिक्षा का शानदार संगम , रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा मन, अतिथियों ने सराहा प्रयास ऑडिटोरियम निर्माण की मांग को मिला समर्थन

Spread the love

 

फोटो – राजकीय इंटर कॉलेज देवीधुरा के वार्षिकोत्सव में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुति देते छात्र-छात्राएं एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते मुख्य अतिथि व अन्य गणमान्य अतिथि।

 

लोहाघाट। राजकीय इंटर कॉलेज देवीधुरा में आयोजित वार्षिकोत्सव एवं सम्मान समारोह आज पूरे उत्साह, उमंग और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन, गणेश वंदना और सरस्वती वंदना के साथ हुई, जिसने पूरे माहौल को सांस्कृतिक रंग में रंग दिया। मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि दिनेश सिंह बिष्ट उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में वरिष्ठ भाजपा नेता सतीश चंद्र पांडेय, गीतांजलि सेवा संस्थान के संस्थापक संजय कुमार भट्ट, उप शिक्षा अधिकारी पाटी राजेश बिष्ट सहित कई गणमान्य लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्य भावना आर्या ने की।

वहीं शिक्षक-अभिभावक संघ के अध्यक्ष हयात सिंह बिष्ट संरक्षक के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। कुमाऊनी लोक नृत्य से लेकर नेपाली नृत्य, छोलिया, हरियाणवी डांस, हास्य कव्वाली, सामाजिक जागरूकता पर आधारित नाटक, पलायन विषयक प्रस्तुति और कृष्ण स्तुति जैसे कार्यक्रमों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। लिलिपुट डांस और एजुकेशनल थीम पर आधारित प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण रहीं।

इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने ऑडिटोरियम/बहुउद्देश्यीय हॉल की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया, जिस पर उपस्थित अतिथियों ने सकारात्मक सहयोग का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के शिक्षकों और स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके प्रयासों से यह आयोजन यादगार बन गया। बड़ी संख्या में अभिभावकों, क्षेत्रवासियों और विद्यार्थियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *