

फोटो – रोटरी क्लब साहिबाबाद के सहयोग से जीआईसी लोहाघाट में स्थापित किए जा रहे कंप्यूटर सेट।
लोहाघाट। समाज में सेवा और सहयोग की भावना ही इंसान को विशेष पहचान दिलाती है। दूसरों की मदद कर खुशियां बांटने वाले लोगों के कारण ही समाज का ताना-बाना मजबूत बना हुआ है। चंपावत जिले की ऐतिहासिक शिक्षण संस्था पंडित बेनीराम पुनेठा राजकीय इंटर कॉलेज लोहाघाट के पुरातन एवं मेधावी छात्र रहे गाजियाबाद निवासी अरुण शर्मा ने शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय पहल करते हुए विद्यालय को 10 आधुनिक कंप्यूटर सेट भेंट किए हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामाजिक सेवा के लिए पहचान बना चुके रोटरी क्लब साहिबाबाद के सौजन्य से दिए गए इन कंप्यूटर सेटों से अब विद्यालय के छात्र-छात्राएं आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जुड़ सकेंगे। वर्षों से हजारों विद्यार्थियों का भविष्य संवार रही इस प्रतिष्ठित संस्था में कंप्यूटर सुविधा बढ़ने से विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। इसके साथ ही रोटरी क्लब साहिबाबाद एवं श्रीमती अल्पना मैनेजेस के सहयोग से स्वर्गीय आशुतोष विभाकर की स्मृति में ग्रामीण क्षेत्र के राजकीय आदर्श कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय सुई में इलेक्ट्रॉनिक स्मार्ट बोर्ड एवं कंप्यूटर सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को डिजिटल शिक्षा का लाभ मिल सकेगा और आधुनिक शिक्षण प्रणाली को मजबूती मिलेगी। इस पूरी पहल में विद्यालय के प्रवक्ता श्याम चौबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं खंड शिक्षा अधिकारी घनश्याम भट्ट ने इस पुनीत कार्य के लिए अरुण शर्मा और रोटरी क्लब साहिबाबाद का आभार व्यक्त किया। मॉडल जिला चंपावत में शिक्षा और प्रतिभाओं को लगातार प्रोत्साहित कर रहे जिलाधिकारी मनीष कुमार ने भी इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर भविष्य देने में महत्वपूर्ण साबित होंगे। उन्होंने रोटरी क्लब साहिबाबाद तथा पुरातन छात्र अरुण शर्मा का धन्यवाद ज्ञापित किया।


