पूर्णागिरि मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं की भीड़ ने तोड़े पुराने रिकॉर्ड,मुख्य मंदिर से काली मंदिर तक लगी लंबी कतारें, मुंडन संस्कार व सुहावने मौसम के चलते बढ़ी श्रद्धालुओं की संख्या

Spread the love

 

 

फोटो पूर्णागिरि मेले में मुख्य मंदिर से काली मंदिर तक दर्शन के इंतजार में लगी श्रद्धालुओं की लंबी कतार।

 

 

 

 

टनकपुर/चंपावत। उत्तर भारत के प्रसिद्ध पूर्णागिरि मेला में सोमवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने अब तक के सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए। सुहावने मौसम, सोमवार के विशेष पर्व तथा बच्चों के मुंडन संस्कार के शुभ अवसर के चलते उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालु मां पूर्णागिरि के दर्शन के लिए पहुंचे।

निजी वाहनों, रोडवेज बसों और ट्रेनों से लगातार श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला दिनभर जारी रहा। मुख्य मंदिर से लेकर काली मंदिर तक करीब सवा किलोमीटर लंबे मार्ग पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें दर्शन की प्रतीक्षा में खड़ी दिखाई दीं।

मेले में विभिन्न स्थानों पर लगातार चल रहे भंडारों से श्रद्धालुओं को काफी राहत मिल रही है। वहीं मेला आयोजन समिति द्वारा स्वच्छता, चिकित्सा, पेयजल और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस भी पूरी तरह सतर्क नजर आई। जगह-जगह तैनात पुलिस कर्मियों के साथ ही सीसीटीवी कैमरों के जरिए संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

मेला मजिस्ट्रेट डॉ. ललित मोहन तिवारी एवं पुलिस उपाधीक्षक विमल प्रसाद द्वारा मेले से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वयंसेवकों के साथ बेहतर समन्वय बनाए जाने से तीर्थ यात्रियों को काफी सुविधा मिल रही है।

उधर, शारदा घाट में पूर्व में हुई डूबने की घटनाओं को देखते हुए जल पुलिस द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। घाटों पर सुरक्षा कर्मियों की लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं ने वर्षभर मेले के संचालन की व्यवस्था लागू करने के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं मेला मजिस्ट्रेट द्वारा मेले को और अधिक व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के लिए बुद्धिजीवियों और श्रद्धालुओं से सुझाव भी आमंत्रित किए जा रहे हैं।

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *