

फोटो लोहाघाट में गणेश गोदियाल के स्वागत में निकाली गई विशाल रैली।
रामलीला मैदान में आयोजित सभा में उमड़ी समर्थकों की भारी भीड़।

लोहाघाट। उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सोमवार को लोहाघाट के रामलीला मैदान में आयोजित परिवर्तन संकल्प सभा में भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में कांग्रेस की सरकार बनने पर अग्निवीर योजना की समीक्षा, पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की बहाली, शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने तथा महंगाई से राहत देने जैसे बड़े फैसले लिए जाएंगे।
गोदियाल ने कहा कि जो लोग चंपावत को “स्विट्जरलैंड” बनाने का सपना दिखा रहे थे, आज वह सपना कहीं दिखाई नहीं देता। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर सत्ता में बने रहने का प्रयास कर रही है, जबकि कांग्रेस हमेशा जनता की भावनाओं के साथ खड़ी रही है।
उन्होंने कहा कि विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने अपने क्षेत्र में शराब माफिया को पनपने नहीं दिया और जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया है। गोदियाल ने राम मंदिर निर्माण का श्रेय लेने वाली भाजपा से मंदिर निर्माण में कथित घोटाले पर भी जवाब मांगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने पर बेरोजगारी दूर करने के लिए ठोस कदम उठाएगी, ताकि युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो सके। उन्होंने कहा कि आज बेरोजगारी की स्थिति ऐसी हो गई है कि कई युवाओं के विवाह तक प्रभावित हो रहे हैं और कांग्रेस इस सामाजिक असंतुलन को दूर करने का काम करेगी।
इससे पूर्व गणेश गोदियाल का पाटन पुल से रामलीला मैदान तक भव्य रैली के साथ स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक रैली में शामिल हुए। रामलीला मैदान में पहले से मौजूद लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। गोदियाल ने स्वागत के लिए पहुंची महिलाओं पर पुष्पवर्षा करते हुए कहा कि महिलाएं समाज की सबसे बड़ी शक्ति हैं और सम्मान की पात्र हैं। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद लोगों की भारी भीड़ इस बात का संकेत है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस की ओर तेजी से आकर्षित हो रही है।
कार्यक्रम में विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने गोदियाल का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, जिसे वह सफलतापूर्वक निभा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस फिर जीत दर्ज करेगी।
धारचूला विधायक हरीश धामी ने भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की नीतियों की आलोचना की। पूर्व विधायक हिमेश खर्कवाल ने भाजपा की कथनी और करनी में बड़ा अंतर बताया।
नगर अध्यक्ष डॉ. अमर सिंह कोटियाल की अध्यक्षता और शैलेंद्र के संचालन में आयोजित सभा में वरिष्ठ नेता भागीरथ पाठक, डॉ. महेश ढेक सहित अनेक नेताओं ने विचार रखे। कार्यक्रम के आयोजन में भूपी चौबे, प्रहलाद सिंह अधिकारी, महेश भट्ट, शंकर बोरा, अशोक मेहरा, मनोज सावंत, कमल कालाकोटी, विमला मेहरा, अलका ढेक, गीता पुजारी सहित कई कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


