

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को 3 करोड़ 39 लाख 98 हजार रुपये की लागत से विकसित जिम कॉर्बेट ट्रेल का लोकार्पण किया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के शुरू होने से चंपावत जिले में देश-विदेश के पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए पर्यटन आधारित रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) आशुतोष सिंह ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत बाघबरियूड़ी ट्रेल, चूका डाक ट्रेल, ठूलीगाड़ सूचना केंद्र तथा फूंगर इंटरप्रिटेशन सेंटर विकसित किए गए हैं। यह ट्रेल प्रसिद्ध शिकारी एवं प्रकृतिविद् जिम कॉर्बेट की कार्यस्थली से जुड़े उन ऐतिहासिक स्थलों को जोड़ती है, जहां उन्होंने आदमखोर बाघों का शिकार कर ग्रामीणों को राहत दिलाई थी।
उन्होंने बताया कि बाघबरियूड़ी ट्रेल की लंबाई लगभग 800 मीटर तथा चूका डाक ट्रेल करीब तीन किलोमीटर लंबा है। अब इन दुर्गम और ऐतिहासिक स्थलों तक पर्यटकों की पहुंच पहले की अपेक्षा अधिक आसान होगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जिम कॉर्बेट ट्रेल चंपावत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।
डीएफओ ने बताया कि स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षित गाइड बनाया जाएगा तथा ग्रामीणों को होमस्टे संचालित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। पर्यटक यहां प्राकृतिक सौंदर्य के साथ दुर्लभ जड़ी-बूटियों, जैविक शहद और पहाड़ के प्रसिद्ध मसाले तिमूर का भी आनंद ले सकेंगे।
इस अवसर पर एसीएफ नेहा चौधरी, वन क्षेत्राधिकारी बृजमोहन टम्टा सहित वन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
बॉक्स
मुख्यमंत्री का आत्मीय अंदाज जीत ले गया लोगों का दिल।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को पूरे दौरे के दौरान मुख्यमंत्री से अधिक अपने क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और परिवार के सदस्य के रूप में नजर आए। उन्होंने बुजुर्गों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया, युवाओं से हाथ मिलाकर उनका हालचाल जाना और महिलाओं—ईजा, आमा, काखी और बैनी—से आत्मीयता से मुलाकात की।
मानेसर धाम के पीठाधीश्वर धर्मराज पुरी महाराज सहित अन्य संतों से आशीर्वाद लेने पहुंचे मुख्यमंत्री ने पूर्व सैनिकों से भी विशेष आत्मीयता के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा, “मेरा आपसे रिश्ता केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि पारिवारिक है। फौजी उस शेर की तरह होता है, जो उम्र बढ़ने के बाद भी अपना साहस और स्वाभिमान कभी नहीं छोड़ता।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत को मॉडल जिला बनाना उनका राजनीतिक नहीं, बल्कि भावनात्मक संकल्प है। उन्होंने कहा कि जनता के अपार स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद से मिली ताकत ही विकास कार्यों की सबसे बड़ी प्रेरणा है। जिला अस्पताल में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अब संसाधनों के अभाव में किसी मरीज की जान नहीं जाएगी।
दौरे के दौरान हजारों लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं व आशीर्वाद दिया।
फोटो जिम कॉर्बेट ट्रेल का लोकार्पण करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी। साथ में डीएफओ आशुतोष सिंह एवं वन विभाग के अधिकारी।


