मोरनौला में वन-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, करीब 13 लाख का लीसा बरामद; चालक हिरासत में,चेकिंग से बचकर भागा लीसे से भरा कैंटर, नाली में फंसते ही खुला राज

 

फोटो—मोरनौला में बरामद लीसे से भरा कैंटर।

देवीधुरा। मोरनौला में वन विभाग और पुलिस की संयुक्त सतर्कता से लीसे की बड़ी खेप पकड़ी गई है। नियमित वाहन चेकिंग के दौरान रुकने के बजाय तेज गति से भागे कैंटर का पीछा कर वन एवं पुलिस कर्मियों ने उसे पकड़ लिया। कैंटर से करीब 13 लाख रुपये कीमत का लीसा बरामद हुआ है।

 

मोरनौला स्थित वन विभाग और पुलिस की चौकियों पर रोजाना की तरह वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान कैंटर संख्या यूके 04-सीवी-1569 को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन की गति बढ़ाकर भागने का प्रयास किया। तेज रफ्तार कैंटर कुछ दूरी पर जाकर सड़क किनारे नाली में फंस गया।

 

वनकर्मियों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कैंटर को अपने कब्जे में लिया और घटना की सूचना देवीधुरा के वन क्षेत्राधिकारी दीप जोशी को दी। पूछताछ के दौरान कैंटर में मौजूद व्यक्ति ने खुद को यात्री बताया, लेकिन उसकी जेब से चालक का लाइसेंस मिलने के बाद उसकी बात संदिग्ध पाई गई। इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।

 

कैंटर को नाली से बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद लेनी पड़ी। मौके पर अल्मोड़ा सिविल सोयम वन प्रभाग, लमगड़ा, जागेश्वर और उत्तरी गोला के वन अधिकारी भी पहुंचे। घटनास्थल जागेश्वर रेंज में आने के कारण बरामद लीसा, कैंटर और चालक को जागेश्वर वन क्षेत्राधिकारी राजेश जोशी के सुपुर्द कर दिया गया।

 

वन क्षेत्राधिकारी दीप जोशी ने बताया कि चालक लीसे से संबंधित कोई कागजात नहीं दिखा सका। दस्तावेज नहीं होने के कारण लीसा अवैध रूप से ले जाए जाने और चोरी का होने की आशंका है। चालक की पहचान बलवंत सिंह के रूप में हुई है। मामले की आगे की जांच जागेश्वर रेंज द्वारा की जा रही है।

 

डीएफओ धेनु पुरुषोत्तम ने कार्रवाई में शामिल वन एवं पुलिस कर्मियों की सतर्कता की सराहना की।