

फोटो – चम्पावत में 27वें कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं पूर्व सैनिक। दूसरे चित्र में लोहाघाट में गौरव स्थल से वीर कालू सिंह महार चौक तक मार्च पास्ट निकालते पूर्व सैनिक और शौर्य अलंकरणों से सुसज्जित जवान।
27वें कारगिल विजय दिवस पर शौर्य समारोह आयोजित, वीरांगनाओं और पूर्व सैनिकों का सम्मान; शहीदों की स्मृति में निकला मार्च, स्कूली प्रतियोगिताओं के विजेता भी हुए सम्मानित।
लोहाघाट/चम्पावत। 27वें कारगिल विजय दिवस पर रविवार को चम्पावत और लोहाघाट में देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ याद किया गया। वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में 577 भारतीय वीर सैनिकों के अदम्य साहस और बलिदान को नमन करते हुए आयोजित कार्यक्रमों में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा वीरांगनाओं और पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। चम्पावत में जिला प्रशासन एवं जिला स्तरीय शौर्य दिवस समारोह समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र गहतोड़ी ने किया। इस दौरान वीरांगनाओं को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया, वहीं 93 वर्षीय पूर्व सैनिक जयदत्त चिलकोटी का भी विशेष सम्मान किया गया। कारगिल युद्ध के प्रत्यक्षदर्शियों ने युद्ध की यादें साझा कीं। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह के संयोजन में आयोजित समारोह में पुलिस की टुकड़ी ने शहीदों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव और अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी ने शहीदों के अद्वितीय बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, ऑफिसर कमांडिंग कर्नल रवि ढिल्लन, मुख्य शिक्षा अधिकारी सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।
उधर लोहाघाट में जिला पूर्व सैनिक लीग के तत्वावधान में आयोजित समारोह में एसडीएम नितेश डांगर ने गौरव स्थल का उद्घाटन किया तथा अमर जवान ज्योति पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया। ध्वजारोहण के बाद पूर्व सैनिकों ने कैप्टन केएन पुनेठा के नेतृत्व में गौरव स्थल से वीर कालू सिंह महार चौक तक भव्य मार्च पास्ट निकाला। सैनिक विश्रामगृह में आयोजित समारोह की अध्यक्षता जिला पूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष कैप्टन आर.एस. देव ने की, जबकि संचालन कैप्टन रघुवीर सिंह ने किया। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों ने कारगिल युद्ध की स्मृतियां साझा कीं और वीरांगनाओं को सामाजिक कार्यकर्ता गोविंद बोरा द्वारा शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह के अंत में पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और स्कूली बच्चों के सम्मान में सामूहिक भोज का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर परियोजना निदेशक अजय सिंह, नगरपालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा सहित भूतपूर्व सैनिक उपस्थित थे। विवेकानंद विद्या मंदिर के छात्रों ने बैंड बाजे की मधुर धुन के बीच जांबाज सैनिकों के साथ कदम से कदम मिलाकर मार्च पास्ट में भाग लिया।
बॉक्स:
स्कूली प्रतियोगिताओं में प्रतिभाओं ने दिखाई देशभक्ति की झलक

चम्पावत। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर चम्पावत में आयोजित अंतर विद्यालय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं के परिणाम भी घोषित किए गए। सीनियर वर्ग की भाषण प्रतियोगिता में रेनू जोशी प्रथम, संजय भट्ट द्वितीय और तनुजा बिष्ट तृतीय स्थान पर रहे। जूनियर वर्ग में प्राची बिष्ट और माही रावत ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। चित्रकला प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में गौरव बोहरा प्रथम, सोनाक्षी द्वितीय और दीक्षा तृतीय स्थान पर रहीं, जबकि जूनियर वर्ग में माही रावत और पारुल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त किए।


