चम्पावत की नगर निकायों को मिले नए नामित सदस्य, स्थानीय विकास को मिलेगी रफ्तार

Spread the love

 

 

राज्यपाल की मंजूरी के बाद चम्पावत, लोहाघाट, टनकपुर और बनबसा निकायों में हुआ मनोनयन; जनहित और विकास कार्यों को मिलेगी मजबूती।

 

 

चम्पावत। जनपद की नगर निकायों में शासन ने नामित सदस्यों की नियुक्ति कर स्थानीय जनप्रतिनिधित्व को नया संबल दिया है। उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम-1916 (उत्तराखंड में यथाप्रवृत्त) के तहत राज्यपाल की स्वीकृति के बाद चम्पावत, लोहाघाट, टनकपुर नगर पालिका परिषदों तथा बनबसा नगर पंचायत में कुल 15 नामित सदस्यों का मनोनयन किया गया है। माना जा रहा है कि इससे नगर निकायों में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और जनहित के कार्यों को नई गति मिलेगी।

जारी अधिसूचना के अनुसार नगर पालिका परिषद चम्पावत में जगदीश चन्द्र पनेरू, गौरव पाण्डेय, पुष्पा ओझा और प्रकाश नाथ को नामित सदस्य बनाया गया है। नगर पालिका परिषद लोहाघाट में जीवन चन्द्र गहतोड़ी, केदार सिंह बोहरा और सरोज जोशी को मनोनीत किया गया है। नगर पालिका परिषद टनकपुर में रीता कलखुड़िया, निगम गुप्ता, धरमपाल आर्य और मुकेश साहू, जबकि नगर पंचायत बनबसा में प्रेम रावत, उमेद सिंह नेगी, दिगम्बर पाण्डेय और हर्षित गोयल को नामित सदस्य बनाया गया है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि नगर निकाय लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण इकाई हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नामित सदस्य निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर स्वच्छता, आधारभूत ढांचे के विकास, पर्यावरण संरक्षण, नगर सौंदर्यीकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही नगरों का समग्र और सतत विकास संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *