देशभक्ति के रंग में डूबा लोहाघाट, तिरंगे संग निकलीं शानदार झांकियां

Spread the love

 

लोहाघाट। स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को लोहाघाट देशभक्ति के जज्बे से झूम उठा। सुबह से ही नगर की सड़कें देशभक्ति गीतों, नारों और तिरंगे की शान से गूंजती रहीं। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। सड़क के दोनों ओर उमड़ी भीड़ ने तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का उत्साह बढ़ाया।

एबीसी अल्मा मेटर के नन्हे-मुन्ने बच्चे सेना की वर्दी में निकले तो हर नजर उन पर ठहर गई। पूर्व सैनिक अपने वीरता पदकों के साथ पूरे जोश और गर्व से मार्च पास्ट करते हुए रैली की अगुवाई कर रहे थे। उनके पीछे एनसीसी कैडेट कदम से कदम मिलाकर देशभक्ति का संदेश देते आगे बढ़े। स्टेशन बाजार में ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और रैली का उत्साह बढ़ाया।

इसके बाद विद्यालयों में ध्वजारोहण के साथ रंगारंग कार्यक्रमों की धूम रही। उपजिलाधिकारी कार्यालय में एसडीएम नितेश डांगर ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि किसी परेशान व्यक्ति को राहत देकर उसके चेहरे पर मुस्कान लाना ही सबसे बड़ा मानवीय संतोष और सुकून है।

कार्यक्रम में राज्य आंदोलनकारियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों और उत्कृष्ट कार्य करने वाली बीएलओ को शॉल ओढ़ाकर एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। तहसीलदार मोहिउद्दीन ने भी सम्मानित लोगों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

 

फोटो_ 15 अगस्त के अवसर पर आकर्षक झांकियां निकालते बच्चे एवं उत्कृष्ट बीएलओ को सम्मानित करती एसडीएम।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *